Voice of Eastern India

चइया नदी में बहीं चार युवतियां, तीन को बचाया, मंजू का शव बरामद


न्यूज 11 भारत/बिहार डेस्क
राहुल कुमार/शेरघाटी:
लगातार हो रही बारिश के कारण नदियों में बढ़े जलस्तर ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मोहनपुर थाना क्षेत्र में चइया नदी पार करने के दौरान चार युवतियां तेज बहाव की चपेट में आकर बह गईं। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। ग्रामीणों और मौके पर मौजूद एक महिला की तत्परता से तीन युवतियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि एक युवती तेज धारा में बहकर लापता हो गई थी। काफी खोजबीन के बाद गुरुवार को एसडीआरएफ की टीम ने लापता युवती का शव नदी से बरामद कर लिया।

मृत युवती की पहचान धरहरा पंचायत के पूर्ण धरहरा गांव निवासी मंजू कुमारी (19) के रूप में हुई है। शव बरामद होने की सूचना मिलते ही स्वजन में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, पूर्ण धरहरा गांव की चार युवतियां छात्रवृत्ति का फार्म भरने के लिए  एक साथ घर से डंगरा बाजार जा रही थीं। इसी दौरान पूर्ण धरहरा छठ घाट के समीप चइया नदी को पार करने लगीं। लगातार हो रही बारिश के कारण नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ था और पानी का बहाव भी काफी तेज था। नदी पार करने के दौरान चारों युवतियां अचानक तेज धारा की चपेट में आ गईं और बहने लगीं।

युवतियों को नदी में बहता देख आसपास मौजूद ग्रामीणों ने शोर मचाया। इसके बाद ग्रामीणों और मौके पर मौजूद एक महिला ने तत्परता दिखाते हुए बचाव अभियान शुरू किया। काफी प्रयास के बाद विभा कुमारी, सुमन कुमारी और रीकू कुमारी को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया गया। वहीं, मंजू कुमारी तेज बहाव में बहकर लापता हो गई थी।

घटना की सूचना मिलते ही मोहनपुर थानाध्यक्ष अजीत कुमार और अंचलाधिकारी रंजीत कुमार समेत स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। इसके बाद लापता मंजू कुमारी की तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम को लगाया गया। टीम ने नदी में काफी खोजबीन की, जिसके बाद मंजू का शव बरामद कर लिया गया।

बारिश में नदी पार करना पड़ा भारी

ग्रामीणों के अनुसार, बारिश के दिनों में चइया नदी का जलस्तर अचानक बढ़ जाता है और पानी का बहाव काफी तेज हो जाता है। इसके बावजूद आवागमन के लिए लोगों को नदी पार करनी पड़ती है।  चारों युवतियां इसी रास्ते से डंगरा बाजार जा रही थीं। हादसे के बाद ग्रामीणों ने बारिश के दौरान नदी पार करने को लेकर चिंता जताई है और सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था कराने की मांग की है।



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.