न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क : पटना को बहुत जल्द जाम से राहत मिलने वाली है। दरअसल मीठापुर-चिरैयाटांड़ फ्लाईओवर इस साल के दिसंबर तक तैयार हो जाएगा। इस फ्लाईओवर के बन जाने से करबिगहिया समेत कई अन्य इलाके से आने-जाने वाले लोगों को राहत मिलेगी। शनिवार को पथ निर्माण सचिव पंकज कुमार पाल ने निर्माणाधीन मीठापुर-चिरैयाटांड़ फ्लाईओवर परियोजना का स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने तकनीकी टीम और विभागीय अभियंताओं के साथ मीठापुर फ्लाईओवर से चिरैयाटांड़ फ्लाईओवर को जोड़ने के लिए पहुंच पथ एवं दोनों तरफ सर्विस लेन निर्माण कार्य का बारीकी से जायजा लिया।
कंकरबाग तक जाएगा फ्लाईओवर
सचिव ने निर्माण स्थल पर संवेदक और अभियंताओं को स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्माण कार्य में किसी भी तरह की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन करते हुए हर हाल में निर्धारित समयसीमा तक परियोजना को पूरा करने का निर्देश दिया है। दरअसल, यह फ्लाईओवर आर ब्लॉक गोलम्बर-जीपीओ गोलम्बर-मीठापुर गोलम्बर-करबिगहिया स्टेशन होते हुए कंकड़बाग तक जाएगी। इससे वाहनों की आवाजाही बिना किसी बाधा के हो सकेगी। लगभग ₹292.74 करोड़ की लागत से निर्माणाधीन इस परियोजना की कुल लंबाई 1730 मीटर है और परियोजना का निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप किया जा रहा है।
पहुंच पथ का कार्य लगभग पूरा
वर्तमान में नींव का काम पूरा हो चुका है जबकि सब-स्ट्रक्चर, सुपर-स्ट्रक्चर और पहुंच पथ का कार्य लगभग 70 फीसदी तक पूरा कर लिया गया है। पहले चरण में जीपीओ गोलम्बर से पुराने बस स्टैंड तक जुलाई में कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य है। पूरी परियोजना का कार्य पूर्ण होने की संभावित तिथि दिसंबर 2026 निर्धारित है।
करबिगहिया को जाम से मिलेगी निजात
राजधानी पटना की यातायात व्यवस्था को सुगम, आधुनिक और पूरी तरह जाममुक्त बनाने के लिए इस परियोजना का निर्माण हो रहा है। उन्होंने बताया कि इस फ्लाईओवर और एप्रोच रोड के पूर्ण होने से पटना की यातायात व्यवस्था पहले से और बेहतर हो जाएगी। इस फ्लाईओवर के निर्माण से करबिगहिया स्टेशन के समीप होने वाले दैनिक और गंभीर यातायात जाम से आम जनता को हमेशा के लिए मुक्ति मिल जाएगी।
भारी ट्रैफिक को मिलेगा सुगम मार्ग
इस परियोजना के माध्यम से नवनिर्मित मीठापुर-महुली फ्लाईओवर से पटना शहर की ओर आने वाले भारी ट्रैफिक को बेहद सुगम और तीव्र मार्ग मिलेगा। साथ ही यह फ्लाईओवर मीठापुर गोलम्बर को सीधे एनएच 30 बाईपास से जोड़ेगी, जिससे बाहरी और अंतर-शहरी वाहनों को शहर के व्यस्ततम अंदरूनी रास्तों में प्रवेश किए बिना ही सीधा निकास मिल जाएगा।
