Voice of Eastern India

जिस पर किया भरोसा, वही निकला आस्तीन का सांप! मोतिहारी की खौफनाक दास्तान में प्रेमी ने दिया खतरनाक वारदात को अंजाम


न्यूज 11 भारत / बिहार(मनीष कुमार, मोतिहारी) पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) के सुगौली थाना क्षेत्र में रिश्तों को कलंकित और इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। अपने प्रेमी से मिलने गई एक युवती के साथ पांच युवकों ने कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) किया। इस पूरी घटना में सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि रक्षक बनने के बजाय पीड़िता का प्रेमी ही आरोपियों की ढाल बना रहा और युवती पर दरिंदों के आगे घुटने टेकने का दबाव बनाता रहा।

मुलाकात के बहाने बुलाया, फिर वीडियो बनाकर करने लगे ब्लैकमेल

पीड़िता द्वारा पुलिस को दिए गए बयान के मुताबिक, उसका पश्चिम चंपारण के मझौलिया थाना क्षेत्र के एक युवक के साथ पिछले एक साल से प्रेम संबंध था। दोनों की मुलाकात कॉलेज में हुई थी, जिसके बाद उनका अफेयर शुरू हुआ। रविवार की रात दोनों सुगौली थाना क्षेत्र में एक जगह मिलने पहुंचे थे। इसी दौरान वहां चार अन्य युवक अचानक आ धमके। उन युवकों ने चोरी-छिपे प्रेमी जोड़े का एक अश्लील वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। इसके बाद आरोपी उस वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर युवती पर गलत नीयत से दबाव बनाने लगे।

विरोध करने पर प्रेमी ने ही छोड़ दिया साथ, बारी-बारी से किया दुष्कर्म

जब पीड़िता ने आरोपियों की इस घिनौनी मांग का डटकर विरोध किया, तो उसका प्रेमी उसकी मदद करने के बजाय आरोपियों के पक्ष में खड़ा हो गया। वह खुद पीड़िता को आरोपियों की बात मानने के लिए कहने लगा। इसके बाद पीड़िता को बेबस पाकर सभी आरोपियों ने उसके साथ बारी-बारी से सामूहिक दुष्कर्म किया। इस दरिंदगी के बाद आरोपी पीड़िता को उसी हाल में छोड़कर फरार हो गए।

डायल 112 की तत्परता आई काम, पुलिस ने 8 घंटे में सभी को किया गिरफ्तार

इस खौफनाक वारदात के बाद डरी-सहमी पीड़िता ने हिम्मत दिखाई और तुरंत ‘डायल 112’ पर कॉल कर पुलिस से मदद मांगी। आपातकालीन सूचना मिलते ही सुगौली थानाध्यक्ष अनीश कुमार सिंह दलबल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सबसे पहले पीड़िता के प्रेमी को हिरासत में लिया। इसके बाद उसकी निशानदेही पर छापेमारी कर कुछ ही घंटों के भीतर अन्य चारों आरोपियों को भी सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।

FSL की टीम ने जुटाए वैज्ञानिक साक्ष्य, 72 घंटे के भीतर दाखिल होगी चार्जशीट

मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर DSP-1 दिलीप कुमार ने बताया कि रात करीब 2 बजे पुलिस को इस घटना की जानकारी मिली थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज 8 घंटे के भीतर सभी पांचों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में पुख्ता सबूत इकट्ठा करने के लिए FSL (फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम को बुलाकर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए हैं। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराने के साथ ही कोर्ट में 164 के तहत बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गैंगरेप समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है और 72 घंटे के अंदर कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर स्पीडी ट्रायल के जरिए दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी।



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.