न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क: आसमान से बरसते अंगारों और रिकॉर्ड तोड़ गर्मी झेल रहे बिहार के लिए आखिरकार राहत की सबसे बड़ी खबर आ गई है। इस बार मानसून आपको ज्यादा इंतज़ार नहीं कराएगा। मौसम विभाग (IMD) की मानें तो 15 जून से पहले ही बिहार में झमाझम बारिश का दौर शुरू हो सकता है। हालांकि, देश भर में कम बारिश के अनुमान के चलते थोड़ी चिंता जरूर है, लेकिन राहत की बात यह है कि अब सुबह से ही शरीर को झुलसाने वाली लू (Heatwave) का टॉर्चर खत्म होने जा रहा है।
पसीना छूटेगा, लेकिन लू नहीं करेगी परेशान
केरल में मानसून की दस्तक हो चुकी है और अब यह बिहार की तरफ बढ़ रहा है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, मानसून के पूरी तरह पहुंचने तक दक्षिण बिहार के कुछ जिलों (जैसे कैमूर) में पारा 40 डिग्री तक जा सकता है। हवा में नमी के कारण उमस (Humid Heat) जरूर परेशान करेगी और पसीना बहाएगी, लेकिन राहत की बात यह है कि झुलसाने वाली गर्म हवाएं अब नहीं चलेंगी।
मानसून से पहले और बाद तक: आसमान में कड़केगी बिजली, होगी बौछारें
मौसम विज्ञान केंद्र, पटना ने साफ किया है कि बिहार में ‘प्री-मानसून’ का एक्शन अभी जारी रहेगा। मानसून के आने तक और उसके शुरुआती दिनों में भी राज्य के अलग-अलग हिस्सों में आंधी-पानी, मेघ गर्जन और आकाशीय बिजली गिरने (वज्रपात) का सिलसिला चलता रहेगा। पिछले एक हफ्ते से जो मौसम का मिजाज बदला हुआ है, वह आगे भी रुक-रुक कर दिखता रहेगा।
किशनगंज है मानसून का ‘एंट्री गेट’, पिछले साल की तरह इस बार नहीं होगी देरी
बिहार में मानसून के आने की स्टैंडर्ड तारीख 10 से 12 जून मानी जाती है।
-
पिछले साल मानसून ने लोगों को खूब तरसाया था और अपने समय से 9 दिन लेट पहुंचा था। वजह यह थी कि बंगाल की सीमा से सटे बिहार के ‘एंट्री गेट’ किशनगंज में घुसने से पहले मानसून पश्चिम बंगाल में ही 11 दिनों तक अटक गया था।
-
बिहार के इतिहास में सबसे पहले मानसून साल 2006 में महज 6 जून को ही आ गया था।
मौसम विभाग का अलर्ट: बिजली कड़के तो भूलकर भी न करें ये गलती
मौसम विभाग ने लोगों के लिए बेहद जरूरी गाइडलाइन जारी की है। जब भी आसमान में बादल गरजें या बिजली कड़क रही हो, तो:
-
खेतों या खुले मैदानों में काम करने से बचें।
-
सफर में हों तो तुरंत किसी पक्के मकान में शरण लें।
-
भूलकर भी पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे खड़े न हों।
-
पल-पल की जानकारी के लिए विभाग के एसएमएस (SMS) और सोशल मीडिया अपडेट्स देखते रहें।
