बिहार के नवादा में जमीन अधिग्रहण के विरोध में किसानों का आंदोलन तेज हो गया है।
न्यूज11 भारत/पटना डेस्क: बिहार के नवादा में जमीन अधिग्रहण के विरोध में किसानों का आंदोलन तेज हो गया है। नारदीगंज प्रखंड के मधुबन-मोतनाजे गांव में डैम निर्माण के लिए जमीन अधिग्रहण किए जाने के विरोध में किसान सोमवार को डीएम कार्यालय का घेराव और धरना-प्रदर्शन करने पहुंचे थे। हालांकि, प्रदर्शन शुरू होने से पहले ही पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर वाहनों में बैठा लिया।
किसानों की मांग है कि डैम निर्माण के लिए जिनकी जमीन ली जा रही है, उन्हें उचित मुआवजा दिया जाए। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पूर्व में भी संबंधित क्षेत्र के किसानों को जमीन के बदले मुआवजा नहीं मिला है। किसानों ने सरकार से मांग की है कि उन्हें बिना उचित मुआवजा दिए उनकी जमीन से बेदखल नहीं किया जाए।
इस आंदोलन को वारिसलीगंज विधानसभा क्षेत्र की राजद विधायक अनीता देवी के पति और राजद नेता अशोक महतो ने भी समर्थन दिया था। वहीं, सांसद सुधाकर सिंह भी मौके पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि पुलिस ने उनसे बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित किया।
किसान अपनी मांगों को लेकर डीएम कार्यालय का घेराव करना चाहते थे, लेकिन इससे पहले ही पुलिस की कार्रवाई के कारण प्रदर्शनकारी आगे नहीं बढ़ सके। जमीन अधिग्रहण को लेकर किसानों में नाराजगी बनी हुई है। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन किसानों की मांगों पर क्या कदम उठाता है और मुआवजे को लेकर क्या समाधान निकलता है।
