पटना एयरपोर्ट पर 24 अक्टूबर से विंटर शेड्यूल लागू किया जाएगा।
न्यूज11 भारत/बिहार डेस्क
रोहित/पटना: पटना एयरपोर्ट पर 24 अक्टूबर से विंटर शेड्यूल लागू किया जाएगा। इससे विमानों की आवाजाही बढ़ेगी और यात्रियों को उड़ानों के अधिक विकल्प भी मिलेंगे। इस शेड्यूल के तहत एयरलाइंस उड़ानों के समय और परिचालन में परिवर्तन कर सकती है।
गर्मी के मौसम में पटना एयरपोर्ट से रोजाना औसतन 40 जोड़ी विमानों का परिचालन किया जाता है। जून से सितंबर 2026 के दौरान यह संख्या घटकर औसतन 32 जोड़ी रह गई है। कुछ दिनों में इसकी आवाजाही 28 जोड़ी तक सिमट गई थी। विंटर शेड्यूल में उड़ानों की संख्या बढ़ने से यात्रियों को राहत मिलने की पूरी उम्मीद है।
वर्तमान में एयर इंडिया की पटना से दिल्ली और मुंबई के लिए चार फ्लाइट हैं। इंडिगो की दिल्ली, कोलकता, मुंबई, नवी मुंबई, बेंगलुरु, रांची, लखनऊ, हैदराबाद, चेन्नई, अहमदाबाद, चंडीगढ़, पुणे और भुवनेश्वर के लिए रोजाना 27 विमान हैं।
स्पाइस जेट की दिल्ली और मुंबई के लिए दो तथा एयर इंडिया एक्सप्रेस की दिल्ली और बेंगलुरु के लिए रोजाना तीन फ्लाइट हैं।
एलाएंस एयर की भोपाल और कोलकाता के लिए सप्ताह में तीन फ्लाइट हैं। विंटर शेड्यूल में उड़ानों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है। दिल्ली, मुंबई और अहमदाबाद की उड़ानें सबसे अधिक बढ़ सकती हैं।
उड़ानें बढ़ने से विकल्प बढ़ सकते हैं और कनेक्टिंग फ्लाइट की योजना बनाना आसान हो सकता है।
