Voice of Eastern India

पटना में ऑटो के गड्ढ़े में पलटते ही दौड़ा करंट, तीन की मौत 


न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क : पटना जिले के मनेर थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। ब्यापुर गांव स्थित पंचायत सरकार भवन के समीप एक ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। हादसे के बाद ऑटो वहां से गुजर रही लो-टेंशन (एलटी) बिजली लाइन के संपर्क में आ गया। 

हादसे में घटनास्थल पर ही भुन्ना टोला निवासी टुनटुन राय, टाटा कॉलोनी निवासी झुन्ना लाल और दरवेशपुर निवासी पन्ना लाल साव की मौत हो गई। वहीं एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गया, जिसका इलाज कराया जा रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ऑटो सवार सभी लोग ताजपुर से अपने गांव ब्यापुर लौट रहे थे। पंचायत सरकार भवन के पास पहुंचते ही किसी कारणवश चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। ऑटो सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया और उसी दौरान ऊपर से गुजर रही एलटी बिजली लाइन की चपेट में आ गया। ऑटो में करंट दौड़ते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही मनेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष रजनीश कुमार ने बताया कि हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.