Voice of Eastern India

प्रेमिका से करा दो शादी कहकर टावर पर चढ़ गए गुरुजी, चला हाई वोल्टेज ड्रामा


न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क: बिहार के वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र मे अपनी ही छात्रा के प्यार में दीवाना हुआ 24 वर्षीय शिक्षक एक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। इसके बाद वह फिल्मी अंदाज में प्रेमिका के वियोग में जान देने की धमकी देने लगा। मिली जानकारी के अनुसार, यह मामला बिदुपुर थाने के खिलवत पेट्रोल पंप के पीछे स्थित मोबाइल टावर का है। युवक ने टावर पर चढ़कर इश्क में शोले फिल्म जैसा रोमांटिक-आत्मघाती अंदाज दिखाया, जिससे आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। 

सूचना मिलते ही बिदुपुर पुलिस मौके पर पहुंची और काफी समझाने-बुझाने व मनौवल के बाद उसे टावर से नीचे उतारा। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर थाने ले गई। युवक की पहचान मिथलेश कुमार ठाकुर (पिता धर्मानंद ठाकुर) के रूप में हुई है, जो अररिया जिले के वार्ड 10, ठेगापुर सतवेरा तेरा खुरडाह का रहने वाला है। 

पूछताछ में खुलासा

युवक ने पुलिस को बताया कि वह बिदुपुर स्थित राम जानकी मठ ठाकुरबारी में बाबा का कर्तव्य निभाता था और साथ ही वहां संचालित ‘एम द आर्ट क्लासेज’ में कई वर्षों से पढ़ाता भी था। इसी दौरान बिदुपुर पेठिया के निकट रहने वाली एक छात्रा से उसका प्रेम हो गया और दोनों ने साथ जीवन बिताने की कसमें खाईं। हालांकि, छात्रा के परिजनों ने इस रिश्ते का कड़ा विरोध किया और उसे कोचिंग जाने से रोकते हुए घर में नजरबंद कर दिया। 

प्रेमिका से मिलने में असमर्थ मिथलेश की व्याकुलता बढ़ती गई और उसने आपा खोकर यह कदम उठाया। गौरतलब है कि बिदुपुर थाना क्षेत्र में यह पहली बार नहीं हुआ है। करीब छह महीने पहले भी दो अलग-अलग प्रेमी इसी तरह टावरों पर चढ़कर अपनी प्रेम की इबारत लिख चुके हैं और लोगों का ध्यान आकर्षित कर चुके हैं। स्थानीय लोगों ने इस तरह की घटनाओं को समाज की सांस्कृतिक संरचना के लिए घातक बताया है।



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.