न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क : बांकीपुर उपचुनाव को लेकर पटना में सियासी पारा हाई है। इस विधानसभा सीट पर विभिन्न पार्टियों ने चुनाव प्रचार तेज कर दी है। भारतीय जनता पार्टी इस सीट पर एक बार फिर कमल खिलाने के लिए बेकरार है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने खुद पटना में मोर्चा संभाल लिया है। आज नितिन नवीन ने वार्ड संख्या-36 से पदयात्रा की है। इस दौरान उन्होंने कई घरों में जाकर लोगों से बीजेपी को वोट देने की अपील भी की।
नितिन नवीन के साथ बीजेपी के कई अन्य नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे। नितिन नवीन ने इस पदयात्रा के दौरान कहा कि मैं आज अपने इस इलाके में हूं। यहां पर मेरा बचपन बीता है। इन इलाकों में हमने प्रधानमंत्री की मन की बात सुनी है। इन्हीं इलाकों में हम बचपन में क्रिकेट खेल कर बड़े हुए हैं। मां-पापा की यादें मुझसे जुड़ी हैं उनका साथ हमेशा रहा जो कहीं ना कहीं बड़ी बात है। मैं यहीं का हूं और यहीं का रहूंगा।
इस दौरान नितिन नवीन हाथ जोड़कर लोगों से बांकीपुर उपचुनाव में बीजेपी प्रत्याशी नीरज सिन्हा को वोट देने की अपील की। बीजेपी कार्यकर्ताओं में इस दौरान जोश नजर आ रहा था और नितिन नवीन भी बुजुर्ग, महिला और युवा सभी से गर्मजोशी के साथ मिल रहे थे।
बता दें कि बांकीपुर बीजेपी की पारंपरिक सीट रही है। इस सीट से नितिन नवीन खुद विधायक रहे हैं। नितिन नवीन के राज्यसभा के लिए चुने जाने के बाद यह सीट खाली हो गई थी और इसपर उपचुनाव हो रहा है। इस सीट से पहली बार जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर भी मैदान में हैं। राजद ने इस सीट से रेखा गुप्ता को अपना उम्मीदवार बनाया है। बीजेपी के कई दिग्गज इस सीट पर लगातार चुनाव प्रचार कर रहे हैं। इस सीट पर 30 जुलाई को उपचुनाव होगा।
