Voice of Eastern India

बिहार के इस रूट से चलेगी श्रावणी मेला स्पेशल, श्रद्धालुओं को होगा बड़ा फायदा 


न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क : श्रावणी मेला के दौरान बाबा बैद्यनाथ धाम (देवघर) जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए रेलवे ने विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए बढ़नी-देवघर-बढ़नी श्रावणी मेला अनारक्षित विशेष ट्रेन (05028/05027) का संचालन किया जाएगा। यह ट्रेन बढ़नी से 28 जुलाई से 29 अगस्त 2026 तक और देवघर से 29 जुलाई से 30 अगस्त 2026 तक रोजाना कुल 33 फेरे लगाएगी। 

इस विशेष ट्रेन से सारण जिले के श्रद्धालुओं को विशेष लाभ मिलेगा। जिले के उत्तरी क्षेत्र जैसे मशरख, मढ़ौरा, खैरा और रतन सराय सहित आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को अब देवघर जाने के लिए छपरा या अन्य बड़े स्टेशनों तक पहुंचने की आवश्यकता नहीं होगी। यह ट्रेन इन सभी स्टेशनों पर रुकेगी, जिससे कांवड़ियों और अन्य श्रद्धालुओं की यात्रा अधिक सुविधाजनक हो जाएगी।

रेलवे द्वारा जारी समय-सारिणी के अनुसार, बढ़नी से यह विशेष ट्रेन रात में रतन सराय, मशरख, मढ़ौरा और खैरा होते हुए अगले दिन छपरा ग्रामीण स्टेशन पर रात 12:25 बजे पहुंचेगी। यहां से यह सोनपुर, हाजीपुर, बरौनी, मुंगेर, सुलतानगंज, भागलपुर और बांका होते हुए दोपहर 1:00 बजे देवघर पहुंचेगी।

वहीं, वापसी में, देवघर से ट्रेन शाम 6:45 बजे प्रस्थान करेगी। यह अगले दिन सुबह 4:55 बजे छपरा ग्रामीण पहुंचेगी और फिर खैरा, मढ़ौरा, मशरख तथा रतन सराय होते हुए बढ़नी पहुंचेगी। यह व्यवस्था श्रद्धालुओं को दोनों दिशाओं में सीधी रेल सुविधा प्रदान करेगी। रेल प्रशासन के अनुसार, यात्रियों की सुविधा के लिए इस विशेष ट्रेन में कुल 16 कोच लगाए जाएंगे। इनमें 14 सामान्य/अनारक्षित द्वितीय श्रेणी के कोच और 2 एसएलआर (गार्ड एवं लगेज) कोच शामिल हैं।

प्रतिवर्ष श्रावणी मेला के दौरान सारण जिले से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ धाम में जलाभिषेक के लिए देवघर जाते हैं। इस विशेष ट्रेन के संचालन से उनकी यात्रा आसान होगी और भीड़भाड़ वाले दिनों में नियमित ट्रेनों पर दबाव भी कम होगा। रेलवे की यह पहल छपरा और सारण जिले के हजारों श्रद्धालुओं को सीधी और सुलभ रेल सेवा का लाभ प्रदान करेगी।



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.