न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क : मौसम विभाग ने बिहार के कई जिलों में आज भारी बारिश की संभावना जताई है। इन जिलों में कैमूर, सासाराम, गयाजी और बक्सर शामिल है। मौसम विभाग ने कहा कि यहां आकाशीय बिजली भी गिर सकती है। पटना समेत पूरे बिहार में मानसून एक्टिव है, लेकिन जुलाई महीने में राज्य के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से कम बारिश होने की भी पूरी संभावना है।
परेशान करेगी उमस भरी गर्मी
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में आज मौसम सामान्य रहेगा। हालांकि, पटना और इसके आसपास के जिलों में हल्के बादल छाने की संभावना है। धूप और बढ़ती नमी की वजह से उमस भरी गर्मी एक बार फिर लोगों को परेशान कर सकती है। बीते 24 घंटे में पटना, बक्सर, बेगूसराय, जमुई, किशनगंज और खगड़िया में तेज बारिश दर्ज की गई है। गुरुवार को बारिश के दौरान पटना के बाढ़ स्थित लालपुर गांव में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई।
आगे कैसा रहेगा मौसम
- 3 जुलाई- पटना में उमस भरी गर्मी परेशान कर सकती है। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ ही हल्के बादल छाएंगे। कुछ इलाकों में बूंदाबांदी होगी। वहीं, कैमूर, सासाराम गयाजी, बक्सर में तेज बारिश की संभावना जताई गई है।
- 4 से 6 जुलाई- मुजफ्फरपुर, बगहा, मधेपुरा, सहरसा गोपालगंज समेत उत्तर और पूर्वी बिहार के कई जिलों में भारी बारिश की उम्मीद है।
- 7 से 8 जुलाई- पटना समेत पूरे राज्य में भारी बारिश की संभावना है। पूर्वी और दक्षिण बिहार के 12 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी है।
