Voice of Eastern India

बिहार में मजबूत होगी हवाई कनेक्टिविटी, पटना समेत कई एयरपोर्ट को लेकर नया अपडेट


न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
अश्मित सिन्हा (संवाददाता) पटना:
 बिहार में हवाई यात्रा को और सुरक्षित एवं सुविधाजनक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। पटना, दरभंगा और गयाजी एयरपोर्ट के रनवे विस्तार पर सहमति बन गई है।

पटना एयरपोर्ट का रनवे विस्तार 

बैठक में जय प्रकाश नारायण इंटरनेश्नल एयरपोर्ट को अधिक सुरक्षित बनाने के लिए रनवे को करीब 300 मीटर तक विस्तारित करने पर सहमति बनी। इसके साथ ही एयरपोर्ट पर सिंपल एप्रोच लाइट लगाने की भी योजना है। इसके लिए राज्य सरकार से लगभग 49 एकड़ अतिरिक्त भूमि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है।

दरभंगा एयरपोर्ट को मिलेगा इंटरनेशनल दर्जा

दरभंगा एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बनाने पर भी केंद्र सरकार ने सहमति दे दी है। इसके तहत रनवे को 12 हजार फीट तक विस्तारित किया जाएगा और एयरपोर्ट पर अत्याधुनिक लाइटिंग सिस्टम लगाया जाएगा। राज्य सरकार ने इसके लिए 90 एकड़ जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी कर ली है।

गया एयरपोर्ट के विस्तार पर भी बनी सहमति

गया एयरपोर्ट  के रनवे विस्तार को लेकर भी नागर विमानन मंत्रालय सहमत हो गया है। इसके लिए बिहार सरकार से अतिरिक्त भूमि की मांग की गई है। माना जा रहा है कि इससे बौद्ध पर्यटन और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को बड़ा फायदा मिलेगा।

पूर्णिया एयरपोर्ट और राजगीर पर भी ध्य़ान 

बैठक में पूर्णिया एयरपोर्ट  के नए टर्मिनल भवन के लिए जल्द टेंडर जारी करने पर भी चर्चा हुई। वहीं राजगीर और सुल्तानगंज को एविएशन मैप पर लाने की दिशा में भी सहमति बनी है, जिससे पर्यटन को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है।

बिहार के चार और शहरों से उड़ेंगे छोटे विमान

केंद्र और राज्य सरकार ने बिहार के चार अन्य शहरों, बीरपुर, वाल्मीकिनगर, सहरसा और मुजफ्फरपुर से छोटे विमानों के संचालन की प्रक्रिया तेज करने पर भी सहमति जताई है। जानकारी के अनुसार जून 2026 तक इन एयरपोर्ट्स के लिए निविदा प्रक्रिया शुरू की जा सकती है, जिससे राज्य की क्षेत्रीय हवाई कनेक्टिविटी और मजबूत होगी।
 



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.