न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क (अस्मित,पटना) बिहार में मठ और मंदिरों की लाखों एकड़ जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए सरकार ने कमर कस ली है. इसे लेकर राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, विधि विभाग और बिहार राज्य धार्मिक न्यास परिषद की एक महत्वपूर्ण संयुक्त बैठक हुई. इस बैठक में राज्य भर में मठ-मंदिरों की जमीनों पर किए गए अवैध कब्जों को जल्द से जल्द हटाने की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई.
स्पेशल सेल का होगा गठन, स्पेशल ड्राइव चलाकर खाली कराई जाएगी जमीन
बैठक के बाद राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री दिलीप जायसवाल ने बताया कि सरकार के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह है कि मठ-मंदिरों की लाखों एकड़ जमीन को कैसे सुरक्षित और संरक्षित रखा जाए. इसी समस्या के समाधान के लिए सरकार एक ‘स्पेशल सेल’ का गठन करने जा रही है. यह सेल एक विशेष अभियान (स्पेशल ड्राइव) चलाकर चिन्हित की गई जमीनों को भू-माफियाओं और अवैध कब्जेदारों से मुक्त कराएगा.
भू-माफियाओं पर कसेगा शिकंजा, तैयार होगी जमीनों की लिस्ट
इस बड़े फैसले के बाद अब जिला स्तर पर मठ-मंदिरों की जमीनों का रिकॉर्ड खंगाला जाएगा. इस संयुक्त कदम से न सिर्फ धार्मिक संपत्तियों की रक्षा होगी, बल्कि अवैध रूप से जमीनों की खरीद-बिक्री करने वाले भू-माफियाओं पर भी शिकंजा कसा जाएगा.
