न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
पवन कुमार सिंह / छपरा : बिहार के सारण जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मेथवलिया चौक के समीप रविवार देर रात अपराधियों ने एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम देते हुए चर्चित अधिवक्ता डबल मर्डर केस के मुख्य गवाह पंकज कुमार यादव (31) की गोली मारकर हत्या कर दी।
इलाके में दहशत का माहौल
इस हमले में उनके छोटे भाई मनीष यादव भी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच, पटना रेफर किया गया है। मृतक पंकज यादव की पहचान मेथवलिया निवासी रामदेव राय के पुत्र के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
फोन कर घर से बुलाया, लौटते समय बरसाईं गोलियां
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 11 बजे पंकज यादव के मोबाइल पर एक कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को थाना से बोलने वाला बताते हुए उन्हें तुरंत बाहर आने के लिए कहा। इसके बाद पंकज अपने छोटे भाई मनीष यादव के साथ बाइक से घर से निकले।
पंकज पर ताबड़तोड़ फायरिंग
बताया जा रहा है कि वापस लौटने के दौरान मेथवलिया चौक के पास पहले से घात लगाए बाइक सवार अपराधियों ने दोनों भाइयों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। एक गोली पंकज यादव के सिर में लगी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक चला रहे उनके छोटे भाई मनीष यादव भी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल मनीष को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पटना रेफर कर दिया।
2024 के चर्चित अधिवक्ता डबल मर्डर केस के थे मुख्य गवाह
यह घटना इसलिए भी बेहद गंभीर मानी जा रही है क्योंकि पंकज यादव वर्ष 2024 में हुए चर्चित अधिवक्ता राम अयोध्या राय और उनके पुत्र सुनील कुमार यादव की हत्या मामले के मुख्य गवाह थे। बताया जा रहा है कि इसी मामले में उनकी गवाही आगामी बुधवार को अदालत में होनी थी। गवाही से ठीक पहले हुई इस हत्या ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस इस पहलू की भी गहन जांच कर रही है कि कहीं गवाही को प्रभावित या रोकने के उद्देश्य से तो इस वारदात को अंजाम नहीं दिया गया।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
पंकज यादव अपने पीछे पत्नी और दो छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। अचानक हुई इस घटना से पूरा परिवार सदमे में है। परिजनों का कहना है कि उन्हें पहले किसी तरह की धमकी की जानकारी नहीं थी।
मौके पर पहुंचे एसएसपी, जांच तेज
घटना की सूचना मिलते ही सारण के वरीय पुलिस अधीक्षक और अन्य पुलिस अधिकारी दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
