Voice of Eastern India

बिहार में शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, डीसीएम ट्रक समेत 3 वाहन जब्त, एक गिरफ्तार


न्यूज 11 भारत/बिहार डेस्क 
अफरोज आलम/समस्तीपुर:
समस्तीपुर जिले में अवैध विदेशी शराब के खिलाफ पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में शराब बरामद की है। इस दौरान एक डीसीएम ट्रक समेत तीन चारपहिया वाहनों को जब्त किया गया, जबकि एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।

मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के राजकीयकृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, रूपौली के सामने एनएच-28 के किनारे खड़े छह चक्का डीसीएम ट्रक की तलाशी के दौरान भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की गई। पुलिस ने शराब लदे ट्रक को जब्त करते हुए चालक को गिरफ्तार किया है। चालक की पहचान सन्दर, पिता- ओमल, निवासी केलंगा, हरियाणा के रूप में हुई है। जब्त शराब में Royal Stag Premier Whisky एवं Royal Challenge Classic Premium ब्रांड की 180 एमएल की बोतलें शामिल हैं। 

शराब की बोतलों पर “For Sale in Haryana” अंकित पाया गया। मामले में अनुसंधान जारी है तथा अनुसंधान के दौरान सामने आने वाले अन्य संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी। वहीं कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के छोटी पुनास गांव से पुलिस ने 141.500 लीटर विदेशी शराब बरामद की। मामले में अभियुक्त सुमन कुमार, पिता- मंटून साह, निवासी छोटी पुनास के विरुद्ध फरारी अभियोग दर्ज किया गया है।

विभूतिपुर थाना क्षेत्र के सोहमा गांव के वार्ड संख्या-09 से पुलिस ने दो चारपहिया वाहनो को जब्त किया। दोनों वाहनों से कुल 42.060 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। मामले में गौतम कुमार, पिता- गोपाल यादव, निवासी सोहमा वार्ड संख्या-01 के विरुद्ध फरारी अभियोग दर्ज किया गया है।

पुलिस की इस कार्रवाई से जिले में अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के बीच हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.