बिहार में ट्रांसफर-पोस्टिंग का इंतजार कर रहे शिक्षकों के लिए फिलहाल प्रक्रिया थम गई है।
न्यूज11 भारत/बिहार डेस्क
विजय शेखर सिंह/पटना: बिहार में ट्रांसफर-पोस्टिंग का इंतजार कर रहे शिक्षकों के लिए फिलहाल प्रक्रिया थम गई है। विधान परिषद चुनाव को ध्यान में रखते हुए निर्वाचन विभाग ने शिक्षा विभाग को तबादला और पदस्थापन की प्रक्रिया आगे बढ़ाने की अनुमति नहीं दी है। ऐसे में शिक्षकों को अब चुनावी प्रक्रिया पूरी होने तक इंतजार करना होगा।
शिक्षा विभाग ने शिक्षकों के ट्रांसफर-पोस्टिंग को लेकर निर्वाचन विभाग से मार्गदर्शन मांगा था। निर्वाचन विभाग से हरी झंडी नहीं मिलने के बाद फिलहाल पूरी प्रक्रिया स्थगित कर दी गई है। शिक्षा विभाग की ओर से इस संबंध में जल्द आधिकारिक पत्र जारी किया जाएगा।
शिक्षकों के लिए राहत की बात यह है कि ट्रांसफर-पोस्टिंग की प्रक्रिया लंबे समय के लिए बंद नहीं हुई है। चुनावी प्रक्रिया पूरी होने के बाद नवंबर के पहले सप्ताह से इसे दोबारा शुरू किए जाने की संभावना है। विभाग पत्र जारी कर शिक्षकों को इसकी औपचारिक जानकारी देगा।
दरअसल, बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर चुनाव होना है। इनमें 4 स्नातक और 4 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। इन सीटों के लिए 23 अक्टूबर 2026 को मतदान होगा, जबकि 27 अक्टूबर को मतगणना कराई जाएगी।
स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में पटना, तिरहुत, दरभंगा और कोसी शामिल हैं। वहीं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में पटना, सारण, तिरहुत और दरभंगा की सीटों पर चुनाव होगा। चुनावी प्रक्रिया के दौरान प्रशासनिक फैसलों को लेकर निर्वाचन विभाग की अनुमति जरूरी है।
