बेगूसराय गंगा नदी में नाव पलटने से बड़ा हादसा हो गया।
पीड़ित चंदन कुमार
न्यूज11 भारत/बिहार डेस्क
संजय कुमार/बेगूसराय: बेगूसराय गंगा नदी में नाव पलटने से बड़ा हादसा हो गया। नाव पर सवार दो लोगों के लापता होने की सूचना है, जबकि चार लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। लापता लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है।
दरअसल, पूरा मामला बेगूसराय जिले के बछवाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत चमथा एक पंचायत के चमथा रजौली के पास का है। जानकारी के मुताबिक, गांव के करीब 30 से 35 ग्रामीण गंगा नदी के पार लगभग तीन किलोमीटर दूर ढाव में परवल की रोपनी करने गए थे। बुधवार की शाम काम खत्म कर सभी ग्रामीण नाव से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान नाव पर अधिक लोगों के सवार होने के कारण नाव असंतुलित होकर गंगा नदी में पलट गई।
नाव पलटते ही मची चीख-पुकार
हादसे के बाद नाव पर सवार लोगों के बीच चीख-पुकार मच गई। हालांकि, कई ग्रामीण किसी तरह तैरकर नदी से बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन दो लोग लापता हो गए। वहीं, हादसे में चार लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
घायलों में चमथा रजौली निवासी उदगार महतो की 15 वर्षीय पुत्री पूनम कुमारी और विशो महतो के 16 वर्षीय पुत्र चंदन कुमार की पहचान हुई है। दो घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बछवाड़ा में भर्ती कराया गया, जबकि अन्य दो घायलों का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे अधिकारी
घटना की सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कृष्ण कुमार, अंचलाधिकारी प्रीतम गौतम और बछवाड़ा थानाध्यक्ष विकास कुमार राय पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया और लापता लोगों की तलाश के लिए अभियान शुरू कराया।
इस संबंध में एसडीपीओ कृष्ण कुमार ने बताया कि नाव पलटने से दो लोगों के लापता होने की सूचना मिली है। उनकी खोजबीन की जा रही है। फिलहाल, लापता लोगों की बरामदगी के लिए प्रयास जारी है। इस हादसे ने गंगा नदी पार कर खेती करने जाने वाले ग्रामीणों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, नाव पलटने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि और लापता लोगों की स्थिति को लेकर प्रशासन की ओर से आगे की जानकारी का इंतजार है।
