जख्मी रमेश चौधरी ने अपने बयान में गांव के ही रतेंद्र चौधरी और उनके दो बेटों आयुष्मान चौधरी व ऋषभ चौधरी पर गोली मारने का आरोप लगाया है.
न्यूज़11 भारत
भोजपुर/डेस्क: जिले के गीधा थाना क्षेत्र के बीरमपुर कृतपुरा गांव में पूर्व विवाद को लेकर एक 60 वर्षीय बुजुर्ग को गोली मार दी गई. गोली उनकी जांघ में लगी, जिससे वह जख्मी हो गए. घटना के बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लेकर पहुंचे. बुजुर्ग की पहचान गांव निवासी रमेश कुमार चौधरी के रूप में हुई है.
जख्मी रमेश चौधरी ने अपने बयान में गांव के ही रतेंद्र चौधरी और उनके दो बेटों आयुष्मान चौधरी व ऋषभ चौधरी पर गोली मारने का आरोप लगाया है. उन्होंने बताया कि घटना के समय वह गांव में संचालित सुधा डेयरी पर दूध मापने और बर्तन साफ करने का काम कर रहे थे. इसी दौरान तीनों वहां पहुंचे. रमेश चौधरी के अनुसार, रतेंद्र चौधरी ने मारने के लिए कहा और गोली चला दी, जो उनकी जांघ में लगी.
गोली लगने के बाद रमेश चौधरी ने डेयरी का दरवाजा बंद कर अंदर से दूध के केन लगाकर खुद को सुरक्षित किया. इसके बाद उन्होंने फोन कर परिजनों को घटना की जानकारी दी. परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें अस्पताल ले गए. सदर एसडीपीओ-2 रंजीत कुमार सिंह ने बताया कि रमेश चौधरी और रतेंद्र चौधरी के बीच डेयरी संचालन को लेकर पूर्व से विवाद था. इसी विवाद में गोली चलने की बात सामने आई है.
एसडीपीओ ने रंगदारी मांगने की बात से इनकार करते हुए कहा कि प्रथम दृष्टया मामला डेयरी विवाद का है. जख्मी ने बाप-बेटे पर गोली मारने का आरोप लगाया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
इसे भी पढ़ें: बिहार के 17 जिलों में औषधि नियंत्रण विभाग की छापेमारी, 1 लाख रुपये से अधिक की दवाइयां जब्त
