न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
शादाब अख्तर / मधुबनी: मधुबनी के वरीय पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने गुरुवार को जयनगर थाना का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना की विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए लंबित मामलों के निष्पादन, पुलिसिंग व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने थाना की स्टेशन डायरी, हाजत की स्थिति सहित विभिन्न अभिलेखों की जांच की। उन्होंने चालू माह में दर्ज मामलों के निष्पादन की समीक्षा करते हुए पुलिस पदाधिकारियों को केस डिस्पोजल में तेजी लाने का निर्देश दिया।
इसके साथ ही पिछले महीने थाना के लिए निर्धारित किए गए लक्ष्यों की भी समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान निर्धारित लक्ष्य को पूरा करने में कुछ कमी पाए जाने पर एसएसपी ने संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसएसपी योगेंद्र कुमार ने कहा कि पिछले महीने दिए गए लक्ष्य में कुछ कमी रह गई थी, जिसे लेकर अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। चालू माह के लिए नया लक्ष्य निर्धारित कर दिया गया है और सभी संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को समय-सीमा के भीतर लक्ष्य पूरा करने को कहा गया है।
एसएसपी ने जयनगर शहर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने पर भी जोर दिया। उन्होंने बताया कि कमला रोड स्थित महावीर चौक के समीप पुलिस पिकेट में जल्द ही पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। इस संबंध में जयनगर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदानंद कुमार को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि पुलिस पिकेट में बल की तैनाती से क्षेत्र में पुलिस की मौजूदगी बढ़ेगी और आम लोगों को बेहतर सुरक्षा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों को क्षेत्र में लगातार निगरानी बनाए रखने तथा कानून-व्यवस्था को लेकर सतर्क रहने का निर्देश दिया। औचक निरीक्षण के दौरान जयनगर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदानंद कुमार, जयनगर थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
