Voice of Eastern India

मनेर एनकाउंटर पर संग्राम! तीनों के शव पहुंचते ही अस्पताल में बवाल, मीसा भारती भी पहुंचीं



पटना के मनेर में पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार हत्याकांड के तीन आरोपियों के एनकाउंटर के बाद अब मामला गरमा गया है।

न्यूज11 भारत/पटना डेस्क: पटना के मनेर में पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार हत्याकांड के तीन आरोपियों के एनकाउंटर के बाद अब मामला गरमा गया है। पुलिस मुठभेड़ में मारे गए जेपी यादव, बबलू कुमार और राजा शर्मा के परिजनों ने एनकाउंटर पर सवाल उठाते हुए इसे फेक एनकाउंटर बताया है। तीनों के शव दानापुर अनुमंडल अस्पताल पहुंचते ही जमकर हंगामा हुआ। आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने अस्पताल परिसर में तोड़फोड़ की, एंबुलेंस को निशाना बनाया और पुलिस पर पथराव किया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बल प्रयोग करना पड़ा। इस बीच राजद की पाटलिपुत्र सांसद मीसा भारती भी मौके पर पहुंचीं और परिजनों से बातचीत की।

शव पोस्टमार्टम के लिए निकालने का विरोध, एंबुलेंस में तोड़फोड़

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार की अहले सुबह मनेर के शेरपुर गंगा घाट के पास पटना एसटीएफ और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई थी। इस मुठभेड़ में पैक्स अध्यक्ष हत्याकांड में संलिप्त बताए जा रहे जेपी यादव, बबलू कुमार और राजा शर्मा की मौत हो गई।

तीनों के शव पोस्टमार्टम के लिए दानापुर अनुमंडल अस्पताल लाए गए। सुबह करीब 10 बजे से ही अस्पताल परिसर में परिजनों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुटने लगी। परिजनों ने एनकाउंटर को फर्जी बताते हुए शवों को एंबुलेंस से बाहर निकालने और पोस्टमार्टम कराने का विरोध शुरू कर दिया।

विरोध के कारण तीनों शव काफी देर तक एंबुलेंस में ही पड़े रहे। इस दौरान अस्पताल परिसर में तनाव का माहौल बन गया।

पुलिस और आक्रोशित लोगों के बीच झड़प, जमकर हुआ पथराव

जब पुलिस ने शवों को एंबुलेंस से निकालने और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी करने का प्रयास किया तो लोगों का गुस्सा भड़क उठा। परिजनों और पुलिस अधिकारियों के बीच तीखी नोकझोंक के बाद झड़प की स्थिति बन गई।

आक्रोशित लोगों ने एंबुलेंस में तोड़फोड़ की और मौके पर पहुंची अतिरिक्त पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया। इसके बाद पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठी भांजी। पुलिस की कार्रवाई के बाद भी सड़क पर हंगामा और तनाव की स्थिति बनी रही।

मौके पर पहुंचीं मीसा भारती, परिजनों से की मुलाकात

मामले की जानकारी मिलने के बाद राजद की पाटलिपुत्र सांसद मीसा भारती भी दानापुर अनुमंडल अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने आक्रोशित परिजनों से मुलाकात कर उनकी बातें सुनीं।

एनकाउंटर को लेकर परिजनों के आरोपों के बीच मीसा भारती का अस्पताल पहुंचना भी चर्चा का विषय बना हुआ है। परिजन पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और एनकाउंटर की परिस्थितियों को सार्वजनिक करने की मांग कर रहे हैं।

एनकाउंटर पर उठ रहे सवाल, जांच की मांग तेज

मनेर मुठभेड़ के बाद अब पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठने लगे हैं। एक तरफ पुलिस तीनों को पैक्स अध्यक्ष हत्याकांड का आरोपी बता रही है, वहीं दूसरी तरफ मृतकों के परिजन इसे फेक एनकाउंटर करार देते हुए गंभीर आरोप लगा रहे हैं। फिलहाल पूरे मामले को लेकर इलाके में तनाव का माहौल है। 
 





Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.