Voice of Eastern India

मुजफ्फरपुर में युवक को गोली मारते हुए फरार हुए बाइक सवार, हालत गंभीर


न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क : मुजफ्फरपुर के मुसहरी थाना क्षेत्र में देर रात अपराधियों ने एक फाइनेंस कंपनी के कर्मी को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना बकटपुर हाट बाजार के समीप हुई, जहां गोली लगने के बाद युवक सड़क किनारे गिर पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और पुलिस को जानकारी दी गई। सूचना पर पहुंची मुसहरी थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

युवक की हालत नाजुक 

घायल युवक की पहचान सकरा थाना क्षेत्र के मुरौल ओपी अंतर्गत मोहम्मदपुर गांव निवासी अजय पासवान के पुत्र राजीव कुमार (25) के रूप में हुई है। उसे पहले मुसहरी पीएचसी ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए शहर के अस्पताल में रेफर कर दिया गया।

घर लौटने के दौरान हुई वारदात

घायल राजीव कुमार ने बताया कि वह शहर में काम खत्म करने के बाद बाइक से अपने घर लौट रहे थे। बकटपुर हाट बाजार से आगे बढ़ने पर उन्होंने देखा कि तीन बदमाश राहगीरों को रोक रहे थे। आशंका होने पर उन्होंने अपनी बाइक नहीं रोकी और आगे बढ़ने लगे। इसी दौरान बदमाशों ने उनका पीछा किया और एक हवाई फायरिंग के बाद उन्हें निशाना बनाकर गोली चला दी। राजीव के अनुसार गोली उनके पेट के निचले हिस्से में लगी। गोली लगते ही वह बाइक से गिर पड़े, जबकि तीनों बदमाश शहर की ओर फरार हो गए।

ग्रामीणों ने पहुंचाया अस्पताल

घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल युवक की मदद की। परिजनों को सूचना दी गई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। परिजनों ने बताया कि राजीव रोज की तरह काम खत्म कर घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी।

5 किलोमीटर में की चार बार फायरिंग

मिली जानकारी के अनुसार, बदमाश हाई स्पीड बाइक पर सवार थे। राजीव को गोली मारने से पहले उन्होंने ने एक साइकिल सवार से मोबाइल छीना था। इसके बाद फायरिंग की, इसके बाद फाइनेंस कर्मी राजीव पर गोली चला दी। इसके बाद आगे जाकर भी फायरिंग करते हुए फरार हो गए।

सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

मामले की सूचना मिलते ही मुसहरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।

युवक के पेट में लगी गोली 

जानकारी मिली है कि घायल युवक के पेट में गोली लगी है और उसका इलाज चल रहा है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि अपराधी पहले एक साइकिल सवार से मोबाइल और रुपए छीनकर भाग रहे थे। इसी दौरान गोलीबारी की घटना हुई। पुलिस सभी बिंदुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.