Voice of Eastern India

‘मैं जेल गया और पीछे से भाई को मार दिया’, बेऊर जेल से बाहर आते ही रोशन आनंद ने फैजल खान पर बोला हमला


न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क: पटना के चर्चित ज्ञान बिंदु कोचिंग एकेडमी के डायरेक्टर रौशन आनंद जेल से रिहा होते ही बेहद आक्रामक तेवरों में नजर आए। बेऊर जेल से बाहर निकलते ही उन्होंने अपने भाई प्रिंस यादव की मौत का सीधा जिम्मेदार प्रसिद्ध शिक्षक फैजल खान उर्फ खान सर और किसान कोल्ड स्टोर के मालिक को ठहराया है। सोमवार को जब रौशन आनंद जेल की सलाखों से बाहर आए, तो वहां उनके समर्थकों की भारी भीड़ मौजूद थी। इस दौरान मीडिया से बात करते हुए उन्होंने खान सर पर तीखा हमला बोला और उन्हें ‘झूठा’ करार दिया।

मेरे जेल जाते ही भाई को क्यों मारा?’ – रौशन आनंद का सवाल

जेल के बाहर रौशन आनंद का गुस्सा सातवें आसमान पर था। उन्होंने इस पूरी घटना को एक सोची-समझी साजिश बताते हुए कहा, “फैजल खान (खान सर) और किसान कोल्ड स्टोर के मालिक ने मिलकर मेरे भाई की हत्या की पटकथा लिखी है। जब तक मैं बाहर था, तब तक मेरे भाई को खरोंच तक नहीं आई। लेकिन मेरे जेल जाते ही सुनियोजित तरीके से उसकी जान ले ली गई। यह पूरी तरह से एक षड्यंत्र है।”

नेपाल के होटल में मिला था शव, सहरसा में अंतिम संस्कार

आपको बता दें कि रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव का शव पिछले दिनों नेपाल के विराटनगर स्थित एक होटल के कमरे में अत्यंत संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ था। इस हाई-प्रोफाइल मामले में नेपाल और बिहार पुलिस की जांच जारी है और अब तक पांच संदेही हिरासत में लिए जा चुके हैं। सोमवार को सहरसा में प्रिंस यादव का अंतिम संस्कार होना तय हुआ है, जिसमें शामिल होने के लिए रौशन आनंद जेल से सीधे रवाना हुए।

खान सर ने पहले ही दी थी सफाई, कहा था- ‘तीसरे पक्ष की है साजिश

इस पूरे विवाद पर खान सर ने पहले ही अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो जारी कर अपनी स्थिति स्पष्ट की थी। उन्होंने प्रिंस यादव की मौत पर गहरा दुख जताते हुए इस मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की थी। खान सर का कहना था, “इस घटना के पीछे कोई तीसरा पक्ष शामिल है जो साजिश रच रहा है। कोई इंसान इतना अमानवीय कैसे हो सकता है? जो भी इस घिनौने कृत्य में शामिल हो, उसे फांसी की सजा मिलनी चाहिए, उससे कम कुछ भी मंजूर नहीं।”

तेज प्रताप यादव ने भी घेरा: कहा- ‘खान सर को जेल भेजो’

यह मामला तब और गरमा गया जब जेजेडी सुप्रीमो तेज प्रताप यादव ने भी इस हत्याकांड में कूदते हुए खान सर पर सीधा निशाना साधा था। तेज प्रताप ने कड़े शब्दों में कहा था, “यह बेहद दुखद घटना है। अगर इस हत्या का आरोप किसी पर जाता है, तो वह खान सर हैं। जो व्यक्ति अपने ही लोगों पर गोली चलवा सकता है, वह हत्या भी करवा सकता है। हमें पूरा यकीन है कि इस कांड के पीछे खान सर का ही हाथ है और उन्हें तुरंत जेल भेजा जाना चाहिए।”



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.