Voice of Eastern India

राबड़ी देवी सभी के लिए मां समान हैं, उनका अपमान मत करिए; कल आप भी भूतपूर्व होंगे: पप्पू यादव


न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क 

अश्मित सिन्हा ( संवाददाता) /  पटना –   पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के सरकारी आवास को लेकर चल रहे विवाद पर बिहार सरकार को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को जिस मंत्री के लिए आवास की आवश्यकता है, उन्हें कोई दूसरा सरकारी घर आवंटित कर देना चाहिए। पप्पू यादव ने कहा कि राबड़ी देवी बिहार की राजनीति की वरिष्ठ नेता हैं और सभी के लिए मां समान हैं, इसलिए उनका अपमान नहीं होना चाहिए। उन्होंने सरकार को नसीहत देते हुए कहा कि सत्ता स्थायी नहीं होती और आज जो पद पर हैं, वे भी कल पूर्व पदाधिकारी बन जाएंगे। इसलिए राजनीतिक अहंकार से बचना चाहिए और सम्मानजनक समाधान निकालना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विरोधियों के प्रति भी सम्मान का भाव होना चाहिए।

हाईलाइट्स –  

  • राबड़ी आवास विवाद पर पप्पू यादव ने सरकार को घेरा।
  • कहा- राबड़ी देवी सभी के लिए मां समान हैं, उनका अपमान नहीं होना चाहिए।
  • मुख्यमंत्री से मंत्री को वैकल्पिक आवास देने की मांग की।
  • बोले- अहंकार छोड़िए, कल आप भी भूतपूर्व होंगे।
  • लोकतांत्रिक मूल्यों और राजनीतिक सम्मान की नसीहत दी।

रिशु श्री सिन्हा मामले में कई मंत्रियों पर सवाल, स्पीडी ट्रायल की मांग

पप्पू यादव ने चर्चित रिशु श्री सिन्हा मामले को लेकर भी सरकार पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि रिशु श्री सिन्हा के पास 15 कंपनियां थीं और उन कंपनियों को बड़े पैमाने पर सरकारी टेंडर मिले। उन्होंने आरोप लगाया कि रिशु श्री ने नेताओं तक लड़कियां पहुंचाने और सेक्स रैकेट चलाने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। पप्पू यादव ने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 15 कंपनियों को मिले टेंडरों की जानकारी मांगी थी, लेकिन संबंधित विभागों ने जवाब नहीं दिया। उन्होंने अभिलाषा शर्मा और योगेश सागर की भूमिका पर भी सवाल उठाए और कहा कि इस मामले में कई मंत्री शामिल हैं। हालांकि उन्होंने नाम बताने से इनकार करते हुए कहा कि एक सप्ताह बाद सभी संबंधित मंत्रियों के नाम सार्वजनिक करेंगे। उन्होंने कहा कि रिशु श्री सिन्हा ने सबसे पहले बुडको से काम शुरू किया था, इसलिए उस समय से जुड़े सभी जिम्मेदार लोगों से पूछताछ होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि ईडी की जांच में आनंद किशोर, संतोष कुमार मल और धर्मेंद्र जैसे नाम सामने आए हैं। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और स्पीडी ट्रायल के लिए वे सुप्रीम कोर्ट तक जाने को तैयार हैं।

पेपर लीक और विपक्ष पर भी साधा निशाना

पप्पू यादव ने नीट, सीयूईटी और टीआरई-4 जैसी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जब प्रश्न पत्र तैयार करने वाले लोग ही कथित तौर पर कोचिंग माफिया से जुड़े हों, तो व्यवस्था में सुधार की उम्मीद कैसे की जा सकती है। उन्होंने प्रश्न पत्रों की सुरक्षा के लिए सेना जैसी व्यवस्था की जरूरत पड़ने पर भी चिंता जताई और कोचिंग माफिया पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। वहीं बिहार के विपक्ष पर हमला बोलते हुए उन्होंने उसे कायर करार दिया और कहा कि विपक्ष अपनी भूमिका निभाने में पूरी तरह विफल रहा है। लालू परिवार पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि केवल जन्मदिन मनाने से राजनीति नहीं चलती। पप्पू यादव ने दावा किया कि आने वाले समय में राज्यसभा तक में राजनीतिक टूट-फूट देखने को मिल सकती है। साथ ही उन्होंने सभी विपक्षी दलों से एकजुट होकर जनता के मुद्दों पर लड़ाई लड़ने की अपील भी की।

इसे  भी पढ़ें – क्या बदलेगी विक्रमशिला सेतु और बेली ब्रिज की तस्वीर? CM बनने के बाद आज पहली बार सिल्क सिटी पहुंचेंगे सम्राट



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.