Voice of Eastern India

लव मैरिज से नाराज साले ने जीजा पर किया जानलेवा हमला; सीतामढ़ी के बोखरा में युवक को मारी गोली


न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क( अमित कुमार, सीतामढ़ी): बिहार के सीतामढ़ी जिले से ऑनर किलिंग के प्रयास की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जिले के बोखरा थाना क्षेत्र में डेढ़ वर्ष पूर्व किए गए एक प्रेम विवाह से नाराज लड़की के भाई ने अपने ही जीजा पर जानलेवा हमला कर दिया। घात लगाए बदमाशों ने युवक को उस वक्त निशाना बनाया जब वह काम से लौट रहा था। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। गंभीर रूप से जख्मी युवक को शहर के एक निजी अस्पताल में वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

ईंट भट्ठे के पास घेराबंदी, पीठ में दाग दी गोली

गंभीर रूप से घायल युवक की पहचान बोखरा थाना क्षेत्र के बुधनगरा गांव निवासी शिवकुमार चौधरी के 23 वर्षीय पुत्र मिथिलेश कुमार के रूप में हुई है। घटना सोमवार रात करीब 9 बजे की है। मिथिलेश हर दिन की तरह अपना काम खत्म कर पैदल ही घर लौट रहा था। जैसे ही वह गांव के समीप स्थित ईंट भट्ठे के पास पहुंचा, वहां पहले से ही हथियारों के साथ छिपे अपराधियों ने उसे घेर लिया। इससे पहले कि मिथिलेश कुछ समझ पाता, हमलावरों ने उस पर फायरिंग कर दी। एक गोली सीधे उसकी पीठ में जा धंसी।

जान बचाकर भागा पीड़ित, डेढ़ साल से मिल रही थी धमकियां

गोली लगने के बाद खून से लथपथ मिथिलेश ने हिम्मत नहीं हारी। वह हमलावरों से अपनी जान बचाकर भागते हुए ईंट भट्ठा परिसर के भीतर दाखिल हुआ और वहां छिपकर किसी तरह अपने परिवार को फोन किया। सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय ग्रामीण मौके पर दौड़े और लहूलुहान मिथिलेश को तुरंत शहर के अस्पताल ले गए।

अस्पताल में होश में रहने के दौरान मिथिलेश ने बताया कि उसने करीब 18 महीने पहले गांव की ही सुनीता कुमारी से लव मैरिज की थी। इस अंतर-पारिवारिक विवाह के बाद से ही लड़की पक्ष के लोग आगबबूला थे। मिथिलेश के मुताबिक, उसे पिछले कई महीनों से इस शादी के बदले अंजाम भुगतने और जान से मारने की लगातार धमकियां दी जा रही थीं।

पुलिस अधीक्षक का बड़ा बयान, मुख्य आरोपी साले की तलाश तेज

वारदात की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मामले की तफ्तीश में जुट गए हैं। सीतामढ़ी के पुलिस अधीक्षक (SP) अमित रंजन ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्राथमिक अनुसंधान में मामला पूरी तरह से प्रेम प्रसंग और दो परिवारों के बीच उपजे हिंसक विवाद का है।

एसपी अमित रंजन का बयान: “लड़की के सगे भाई पर अपने जीजा को गोली मारने का सीधा आरोप है। पुलिस ने पीड़ित के बयान और शुरुआती सबूतों के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। मुख्य आरोपी और उसके सहयोगियों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।”



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.