न्यूज 11 भारत / पटना न्यूज: बिहार के नवादा जिले के नारडीहा गांव में एक बुजुर्ग महिला की हत्या कर घर में डकैती की घटना सामने आई है। डकैतों ने विरोध करने पर महिला की पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान लगभग 60 वर्षीय राजकुमारी देवी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, डकैतों ने पहले महिला को बांध दिया और फिर उसकी बेरहमी से पिटाई की। महिला के सिर पर गंभीर चोटें थीं, जिससे उसकी मौत हो गई। डकैतों ने घर में रखा सारा सामान लूट लिया।
यह घटना नारदीगंज थाना क्षेत्र के नारडीहा गांव की है। शनिवार सुबह जब राजकुमारी देवी का दरवाजा नहीं खुला, तो स्थानीय लोगों को संदेह हुआ। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। अंदर जाने पर महिला बंधी हुई मिली और उसकी मौत हो चुकी थी।
राजकुमारी देवी घर में अकेली रहती थीं। उनके परिवार के अन्य सदस्य बाहर रहते हैं, और उनका बेटा दुबई में निजी कंपनी में नौकरी करता है।
इस घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने नारदीगंज रोड को जाम कर दिया और आगजनी की। उन्होंने प्रशासन और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।
स्थानीय लोगों का अनुमान है कि डकैतों ने 10 लाख रुपये से अधिक की चोरी की है, हालांकि परिवार के सदस्यों के आने के बाद ही वास्तविक नुकसान का आकलन हो पाएगा। ग्रामीण पुलिस से अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
