वैशाली जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है।
न्यूज11 भारत/बिहार डेस्क
विक्की कुमार/वैशाली: वैशाली जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गोरौल थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड स्थित एक मकान पर छापेमारी कर पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध पटाखे बरामद किए हैं। बरामद पटाखों की अनुमानित कीमत 15 से 20 लाख रुपये बताई जा रही है। इस मामले में पुलिस ने कारोबारी सीताराम गुप्ता उर्फ पप्पू साह को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, गोरौल पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि स्टेशन रोड स्थित एक मकान में बड़े पैमाने पर अवैध पटाखे जमा किए गए हैं। सूचना का सत्यापन करने के बाद पुलिस टीम ने मकान पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान मकान से भारी मात्रा में पटाखे बरामद हुए। पुलिस ने मौके से पटाखों के कारोबार में शामिल सीताराम गुप्ता उर्फ पप्पू साह को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार कारोबारी स्टेशन रोड, गोरौल का ही निवासी बताया जा रहा है।
यह कार्रवाई वैशाली के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) शुभांक मिश्रा के निर्देश पर की गई है। एसएसपी के निर्देशन में जिलेभर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत गोरौल पुलिस ने यह कार्रवाई अंजाम दी।
फिलहाल पुलिस बरामद पटाखों से जुड़े तथ्यों की पड़ताल में जुटी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि पटाखों का भंडारण किन परिस्थितियों में और किस उद्देश्य से किया गया था। बरामद पटाखों के संबंध में कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही पटाखों के भंडारण से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा। इस मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
