Voice of Eastern India

वैशाली में युवक को बुलाकर मारी गोली, फिर लेकर फरार हुए अपराधी



सराय थाना क्षेत्र के नरेंद्र प्रबोधी गांव में अपराधियों ने एक युवक पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दी और फिर युवक को अपने साथ लेकर फरार हो गए।

न्यूज11 भारत/बिहार डेस्क
विक्की कुमार/हाजीपुर:
वैशाली जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। सराय थाना क्षेत्र के नरेंद्र प्रबोधी गांव में उस वक्त सनसनी फैल गई जब अपराधियों ने एक युवक को पहले बुलाया, फिर उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं और गोलीबारी के बाद युवक को अपने साथ लेकर फरार हो गए। घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है और परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। घटना मंगलवार सुबह की है।

लापता युवक की पहचान मझौली मोहम्मदपुर बुजुर्ग चौक निवासी टिंकू कुमार उर्फ विवेक कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अपराधियों ने उसे नरेंद्र प्रबोधी गांव में बुलाया था, जहां पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने उस पर गोली चला दी।

घटनास्थल से 3 खोखा बरामद

वारदात की सूचना मिलते ही सराय थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल से पुलिस ने तीन खोखा बरामद किया है। घटनास्थल का ग्रामीण एसपी सोनू कुमार और सदर एसडीपीओ-2 गोपाल मंडल ने भी निरीक्षण किया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

सबसे बड़ा सवाल

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि गोली मारने के बाद अपराधी युवक को लेकर कहां फरार हुए? क्या युवक जिंदा है या उसकी हत्या कर दी गई? पुलिस लापता युवक की तलाश में जुटी है और आसपास के इलाकों में छापेमारी की जा रही है।

पुरानी रंजिश या कोई और वजह?

पुलिस इस पूरे मामले को कई एंगल से देख रही है। पुरानी रंजिश है या कोई और वजह, इसका पता लगाया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर युवक को बरामद कर लिया जाएगा।

इस संबंध में ग्रामीण एसपी (वैशाली) सोनू कुमार राय ने कहा कि सराय थाना क्षेत्र में युवक को गोली मारने की सूचना मिली है। घटनास्थल से तीन खोखा बरामद किया गया है। पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर छानबीन कर रही है। लापता युवक की तलाश के लिए आसपास के इलाकों में छापेमारी की जा रही है। जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर युवक को बरामद कर लिया जाएगा। मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।

यह वारदात एक बार फिर वैशाली में अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस और पुलिस की चुनौती को उजागर करती है। इलाके के ग्रामीणों में भय का माहौल है और लोग सुरक्षा को लेकर सवाल उठा रहे हैं।





Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.