Voice of Eastern India

हरित बिहार का संदेश देकर जंदाहा पहुंचे नीतीश कुमार, कार्यकर्ताओं में भरा उत्साह


न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क 

पटना –  नीतीश कुमार मंगलवार को वैशाली जिले के जंदाहा प्रखंड अंतर्गत ग्राम कजरी बुजुर्ग स्थित जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा के पैतृक आवास पहुंचे। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान नीतीश कुमार ने वृक्षारोपण कर हरित बिहार एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने स्थानीय नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर संगठन को मजबूत बनाने पर भी चर्चा की।

हाईलाइट्स – 

  • जंदाहा स्थित उमेश सिंह कुशवाहा के पैतृक आवास पहुंचे नीतीश कुमार
  • वृक्षारोपण कर दिया हरित बिहार और पर्यावरण संरक्षण का संदेश
  • कार्यकर्ताओं और नेताओं से संगठनात्मक मजबूती पर की चर्चा
  • बिहार को देश के शीर्ष 5 विकसित राज्यों में शामिल करने का दावा
  • कई वरिष्ठ जदयू नेता और कार्यकर्ता कार्यक्रम में रहे मौजूद

विकास यात्रा का किया उल्लेख

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नीतीश कुमार ने कहा कि वर्ष 2005 के बाद बिहार में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, सिंचाई और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में व्यापक बदलाव हुआ है। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार के नेतृत्व में विकास की गति लगातार तेज हुई है और आने वाले समय में बिहार देश के शीर्ष पांच विकसित राज्यों में अपनी जगह बनाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को पहुंचाने का आह्वान भी किया।

उमेश कुशवाहा बोले- कार्यकर्ताओं के प्रेरणास्रोत हैं नीतीश

प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि बाबा बटेश्वर नाथ, बाबा गणीनाथ और खाकी बाबा की पावन धरती महनार पर नीतीश कुमार का आगमन पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार लाखों कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा, ऊर्जा और विश्वास के प्रतीक हैं। उनके आगमन से कार्यकर्ताओं का उत्साह और मनोबल बढ़ा है। कार्यक्रम में ललन कुमार शॉफ,  संजय कुमार सिंह, सिद्धार्थ पटेल, महेंद्र राम समेत कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इसे भी पढ़ें –  लखीसराय में करोड़ों की योजना पर भ्रष्टाचार का आरोप, आवाज उठाने वाले को मिली हत्या की धमकी



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.