न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
अफरोज आलम / समस्तीपुर – बिहार के समस्तीपुर जिले के ताजपुर निवासी युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी ने भारतीय क्रिकेट में नया इतिहास रच दिया है। महज 15 वर्ष 72 दिन की उम्र में भारतीय टीम में चयनित होकर उन्होंने देश के सबसे कम उम्र के क्रिकेटर बनने का गौरव हासिल किया है। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया, जिनका भारतीय टीम में चयन 16 वर्ष 194 दिन की उम्र में हुआ था।
हाईलाइट्स –
- समस्तीपुर के ताजपुर निवासी वैभव सूर्यवंशी का भारतीय टीम में चयन।
- 15 वर्ष 72 दिन की उम्र में बने भारत के सबसे युवा चयनित क्रिकेटर।
- सचिन तेंदुलकर के सबसे कम उम्र में चयन के रिकॉर्ड को छोड़ा पीछे।
- आईपीएल में शानदार प्रदर्शन के बाद मिली टीम इंडिया में जगह।
- आयरलैंड, इंग्लैंड टी-20 सीरीज और एशियन गेम्स के लिए चुने गए।
- ताजपुर में मिठाई, आतिशबाजी और गीतों के साथ मनाया गया जश्न।
ताजपुर में जश्न, मिठाई और आतिशबाजी से मनाई खुशी
वैभव के भारतीय टीम में चयन की खबर मिलते ही उनके पैतृक गांव ताजपुर में उत्सव का माहौल बन गया। घर पर बधाई देने वालों की भीड़ उमड़ पड़ी। परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और ग्रामीणों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी साझा की। महिलाओं ने पारंपरिक गीत गाए, जबकि युवाओं ने आतिशबाजी कर इस ऐतिहासिक उपलब्धि का जश्न मनाया। पूरे इलाके में वैभव की सफलता की चर्चा हो रही है।
परिवार को पहले से था भरोसा
वैभव के चाचा राजीव सूर्यवंशी ने बताया कि आईपीएल में उनके शानदार प्रदर्शन को देखकर परिवार को पहले से उम्मीद थी कि जल्द ही उन्हें भारतीय टीम में मौका मिलेगा। वहीं दादा उपेंद्र सूर्यवंशी ने कहा कि उन्हें हमेशा विश्वास था कि वैभव देश और बिहार का नाम रोशन करेगा। आज उनकी मेहनत और लगन का परिणाम पूरे देश के सामने है।
आईपीएल में दमदार प्रदर्शन बना चयन की वजह
वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल में अपने आक्रामक खेल से क्रिकेट जगत को प्रभावित किया। उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी और मैच जिताने वाली पारियों ने चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींचा। क्रिकेट प्रेमियों का मानना है कि उन्होंने अपने प्रदर्शन से आलोचकों को करारा जवाब दिया है और खुद को भविष्य का बड़ा सितारा साबित किया है।
पांच बड़े पुरस्कार जीतकर मचाई धूम
आईपीएल में शानदार प्रदर्शन के दम पर वैभव ने ऑरेंज कैप, इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन, मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर, सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीजन और मोस्ट सिक्सेज जैसे पांच बड़े पुरस्कार अपने नाम किए। उनकी उपलब्धियों ने उन्हें देश के सबसे चर्चित युवा खिलाड़ियों में शामिल कर दिया है।
आयरलैंड, इंग्लैंड सीरीज और एशियन गेम्स में दिखेगा जलवा
वैभव का चयन जून-जुलाई में आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली टी-20 सीरीज तथा सितंबर में आयोजित होने वाले एशियन गेम्स के लिए किया गया है। उनकी इस ऐतिहासिक सफलता से समस्तीपुर, बिहार और पूरे देश में गर्व का माहौल है। अब क्रिकेट प्रेमियों को उनके अंतरराष्ट्रीय मैदान पर उतरने का बेसब्री से इंतजार है।
इसे भी पढ़ें – सड़क हादसों पर सख्ती का संदेश, मांझी बोले, जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
