Voice of Eastern India

200 एकड़ जमीन के कथित साम्राज्य की जांच में EOU ने कसा शिकंजा, भगत यादव का बेटा हिरासत में



गया, औरंगाबाद और झारखंड के आठ ठिकानों पर एक साथ चल रही छापेमारी; जमीन कारोबारी रोशन सिंह के ठिकाने पर भी पहुंची टीम

राहुल कुमार/न्यूज़ 11भारत

शेरघाटी/डेस्क: जमीन के कारोबार की आड़ में कथित तौर पर अकूत संपत्ति अर्जित करने और करीब 200 एकड़ जमीन का साम्राज्य खड़ा करने के आरोपों से घिरे डोभी थाना क्षेत्र के सिंहपुर निवासी सुरेंद्र कुमार सुमन उर्फ भगत यादव के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने बड़ी कार्रवाई शुरू की है. शुक्रवार की अहले सुबह ईओयू की अलग-अलग विशेष टीमों ने भगत यादव से जुड़े कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की. गया जिले के अलावा औरंगाबाद तथा झारखंड में भी एक अन्य ठिकाने पर जांच अभियान चलाया जा रहा है.

अचानक हुई इस कार्रवाई से जमीन के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है. छापेमारी के दौरान ईओयू की टीम जमीन की रजिस्ट्री, खरीद-बिक्री के दस्तावेज, संपत्ति के स्वामित्व और वित्तीय लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड की गहन जांच कर रही है. कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर विभिन्न ठिकानों पर पुलिस बल की भी तैनाती की गई है.

दरअसल, भगत यादव के खिलाफ दिए गए एक लिखित आवेदन में करीब 200 एकड़ जमीन अर्जित करने का गंभीर आरोप लगाया गया है. आवेदन में दावा किया गया है कि जमीन पर कथित कब्जा, रंगदारी और अन्य आपराधिक गतिविधियों के जरिए करोड़ों रुपये की संपत्ति अर्जित की गई है. आरोप यह भी है कि संपत्तियों को सीधे अपने नाम पर रखने के बजाय पत्नी सुनीता देवी, पुत्र आर्यन कुमार, कंपनी और कथित सहयोगियों के नाम पर खरीदा गया है.

ऐसे में ईओयू की जांच का मुख्य केंद्र जमीन की खरीद-बिक्री, संपत्तियों के वास्तविक मालिकाना हक और अर्जित संपत्ति के स्रोत का पता लगाना है. जांच एजेंसी यह भी खंगाल रही है कि घोषित आय के मुकाबले अर्जित संपत्ति में कितना अंतर है और जमीन के कारोबार में किन-किन लोगों की भूमिका रही है.

फिलहाल ईओयू की छापेमारी और जांच की कार्रवाई जारी है. अभी तक जांच के दौरान क्या-क्या बरामद हुआ है या किन दस्तावेजों को जब्त किया गया है, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.

यह भी पढ़ें: आय से अधिक के मामले में जामताड़ा में ACB की बड़ी कार्रवाई, चौकीदार को किया गिरफ्तार, आगे की जांच जारी





Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.