Voice of Eastern India

रोहतास में फ्लिपकार्ट ‘डिलीवरी बॉय’ गैंग का भंडाफोड़, असली सामान बदलकर करते थे ठगी, समस्तीपुर के 5 शातिर गिरफ्तार


न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क( विकास कुमार, रोहतास)बिहार की रोहतास पुलिस ने ई-कॉमर्स कंपनी फ्लिपकार्ट के डिलीवरी बॉय बनकर असली सामान को नकली (डुप्लीकेट) से बदलने वाले एक बड़े अंतरजिला ठग गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में समस्तीपुर जिले के रहने वाले 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान सत्यकाम उर्फ किशु, अमर राजा, चंदन कुमार, प्रदीप कुमार और हर्ष कुमार के रूप में हुई है। इनके पास से लाखों रुपये के कीमती इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स और पैकिंग मशीनें बरामद की गई हैं।

3 जालसाजों को रंगे हाथ दबोचा

डेहरी नगर थाने में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान डेहरी एसडीपीओ-1 अतुलेश झा ने बताया कि यह पूरा मामला 13 जून की रात करीब 8:30 बजे का है। फ्लिपकार्ट की ही एक विजिलेंस टीम ने तीन संदिग्ध युवकों को फर्जी पार्सल और सामान के साथ रंगे हाथ पकड़ा था। इसके बाद टीम ने तुरंत स्थानीय पुलिस को बुलाकर तीनों आरोपियों को उनके हवाले कर दिया। जब पुलिस ने इनसे कड़ाई से पूछताछ की, तो इस बड़े रैकेट की कड़ियां खुलने लगीं।

40,000 रुपये का लालच देकर तैयार करवाते थे डुप्लीकेट सामान

गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस के सामने कुबूला कि इस गिरोह का नेटवर्क काफी फैला हुआ है। गिरोह के मुख्य सरगना युवाओं को हर महीने 40,000 रुपये की मोटी सैलरी का लालच देते थे। इस लालच में आकर युवा असली ब्रांडेड प्रोडक्ट्स जैसे दिखने वाले हुबहू नकली सामान तैयार करते थे। डिलीवरी के समय ये शातिर असली पार्सल को गायब कर उसकी जगह बड़ी सफाई से डुप्लीकेट सामान कस्टमर या कंपनी को वापस (रिटर्न) भेज देते थे।

औरंगाबाद में घेराबंदी कर पकड़ी गई गैंग की गाड़ी

पूछताछ में मिले सुराग के आधार पर डेहरी एसडीपीओ-1 अतुलेश झा के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने तुरंत एक्शन लेते हुए औरंगाबाद जिले के आमस थाना क्षेत्र में नाकेबंदी की। वहां से पुलिस ने तस्करों की गाड़ी (कार संख्या: BR09A57551) को रोककर तलाशी ली। इस वाहन से गैंग के दो अन्य मुख्य सदस्यों, अमर राजा और सत्यकाम चौधरी को दबोच लिया गया।

आईफोन, लैपटॉप और गो-प्रो समेत सामानों का भारी जखीरा बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही और गाड़ी की तलाशी के दौरान भारी मात्रा में कीमती सामान बरामद किया है। बरामद सामानों की सूची इस प्रकार है:

  • लैपटॉप और कैमरा: 2 कीमती लैपटॉप, 1 सोनी कैमरा, 3 गो-प्रो (GoPro) कैमरे।

  • स्मार्ट गैजेट्स: 7 महंगे स्मार्टफोन, 3 एप्पल (Apple) हेडफोन, 15 बॉडी कैमरे, 6 ईयरबड्स, 6 स्मार्ट वॉच।

  • अन्य उपकरण: 14 चार्जर, 2 हेयर एयर गन, 2 काले चश्मे और पार्सल पैक करने वाली सील मशीन।

नए कानून (BNS) के तहत केस दर्ज, पुलिस की सख्त कार्रवाई

इस हाईटेक जालसाजी को लेकर डेहरी नगर थाने में कांड संख्या-300/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने नए कानून के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(2), 318(4), 338, 336(3), 340(2) और 61(2) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब इस गिरोह के बाकी मददगारों और फ्लिपकार्ट के अंदरूनी कनेक्शन की भी जांच कर रही है।



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.