न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क : ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने नई दिल्ली और हावड़ा के बीच दो जोड़ी स्पेशल ट्रेनों को चलाने का निर्णय लिया है। इन स्पेशल ट्रेनों का ठहराव दानापुर रेल मंडल अंतर्गत आरा जंक्शन पर भी होगा, जिससे भोजपुर जिले एवं आसपास के यात्रियों को राहत मिलेगी। रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 04048/04047 नई दिल्ली-हावड़ा-नई दिल्ली स्पेशल तथा ट्रेन संख्या 04050/04049 नई दिल्ली-हावड़ा-नई दिल्ली स्पेशल का परिचालन किया जाएगा।
04048 नई दिल्ली-हावड़ा स्पेशल का शेड्यूल
ट्रेन संख्या 04048 नई दिल्ली-हावड़ा स्पेशल 28 मई को नई दिल्ली से शाम 6:15 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन अगले दिन सुबह 10:30 बजे डीडीयू, 11:40 बजे बक्सर होते हुए दोपहर 12:25 बजे आरा जंक्शन पहुंच जाएगी। इसके बाद पटना, झाझा सहित अन्य स्टेशनों पर रुकते हुए रात 11:40 बजे हावड़ा पहुंचेगी। वहीं, वापसी में ट्रेन संख्या 04047 हावड़ा-नई दिल्ली स्पेशल 30 मई को रात 1:40 बजे हावड़ा से खुलेगी और पटना होते हुए दोपहर 12:24 बजे आरा जंक्शन पहुंच जाएगी। इसके बाद यह बक्सर, डीडीयू सहित अन्य स्टेशनों पर ठहराव लेते हुए अगले दिन सुबह 8:20 बजे नई दिल्ली पहुंच जाएगी।
04050 नई दिल्ली-हावड़ा स्पेशल का शेड्यूल
ठीक इसी प्रकार ट्रेन संख्या 04050 नई दिल्ली-हावड़ा स्पेशल 30 मई को नई दिल्ली से रवाना होगी और अगले दिन 12:25 बजे आरा जंक्शन पहुंचेगी। वहीं, वापसी में ट्रेन संख्या 04049 हावड़ा-नई दिल्ली स्पेशल एक जून को हावड़ा से खुलेगी और दोपहर 12:24 बजे आरा जंक्शन पहुंचेगी। इन स्पेशल ट्रेनों के संचालन से गर्मी की छुट्टियों में दिल्ली, पटना, आरा और हावड़ा जाने वाले यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी।
