न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
सरफराज आलम / लखीसराय : लखीसराय में मुहर्रम के आखिरी दिन शनिवार को लखीसराय शहर के पुरानी बाजार स्थित बड़ी दरगाह में ताजिया पहलाम के दौरान एक ही समुदाय के दो गुटों के बीच विवाद के बाद जमकर मारपीट हो गई। बड़ी दरगाह अखाड़ा और इंग्लिश मोहल्ला अखाड़ा के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते झड़प में बदल गया।
कर्बला परिसर में अफरा-तफरी
दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे और हाथापाई होने से कर्बला परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इस झड़प में करीब 2 दर्जन लोग लोग गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं। सभी का इलाज सदर अस्पताल और निजी क्लिनिक में चल रहा है।
घटनास्थल पर पुलिस की तैनाती
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस और अन्य पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे तथा स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल एहतियात के तौर पर घटनास्थल पर पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है और पूरे इलाके में निगरानी रखी जा रही है। झड़प में इंग्लिश मोहल्ला अखाड़ा के मो. अरमान, मो. शहजाद, मो. साहब और मो. गुड्डू घायल हो गए। सभी का इलाज सदर अस्पताल, लखीसराय में चल रहा है।
लड़कियों से छेड़खानी का आरोप
घायलों का दावा है कि इस घटना में करीब 15 लोगों के सिर फटे हैं। कुछ घायलों का इलाज सदर अस्पताल में कराया जा रहा है, जबकि अन्य निजी क्लीनिकों में इलाजरत हैं। घायल एमडी शहजाद ने बताया कि इंग्लिश मोहल्ला से महिला, पुरुष और बच्चों के साथ लोग ताजिया पहलाम के लिए बड़ी दरगाह कर्बला पहुंचे थे। उनका आरोप है कि इसी दौरान बड़ी दरगाह के कुछ युवकों ने लड़कियों के साथ छेड़खानी शुरू कर दी।
दोनों पक्षों से पूछताछ जारी
जब इंग्लिश मोहल्ला अखाड़ा के युवकों ने इसका विरोध करते हुए समझाने का प्रयास किया, तो कहासुनी बढ़ गई और मारपीट शुरू हो गई। हालांकि, छेड़खानी के आरोपों की अभी तक पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है और घटना के कारणों की जांच में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल रहा, लेकिन पुलिस की तत्परता से स्थिति सामान्य हो गई। प्रशासन लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील कर रहा है।
