Voice of Eastern India

पति बना प्यार की राह का कांटा, बिहार में पत्नी ने चलती ट्रेन में ऐसे कराया शूटआउट


न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क : देश में पिछले कुछ समय से ऐसे कई मामले सामने आए हैं। जिनमें पुलिस ने आरोप लगाया है कि कथित प्रेम संबंध के चलते पतियों की हत्या की साजिश रची गई। अब बिहार के कटिहार से भी एक ऐसा ही सनसनीखेज मामला उजागर हुआ है। यहां रेल पुलिस का दावा है कि एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति की हत्या की साजिश रची और चार लाख रुपये की सुपारी देकर चलती ट्रेन में गोली मरवा दी। इस पूरे मामले का खुलासा अब कटिहार रेल पुलिस ने किया है।

जनसाधारण एक्सप्रेस की घटना 

कटिहार रेल पुलिस के मुताबिक, करीब एक महीने पहले जनसाधारण एक्सप्रेस में हुई विद्याकर्मी देवकुमार गुंजन की हत्या कोई लूटपाट या रंजिश का मामला नहीं था। बल्कि इसके पीछे एक सुनियोजित साजिश थी।

पत्नी से मिलने जा रहा था पति 

रेल एसपी हरि शंकर कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि 11 जून को जमुई में पदस्थापित देवकुमार गुंजन अपनी पत्नी समिता कुमारी से मिलने जनसाधारण एक्सप्रेस से जा रहे थे। तभी मानसी रेल थाना क्षेत्र के बदला घाट के पास चलती ट्रेन में उन्हें गोली मार दी गई। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के लिए एसआईटी का गठन किया गया। तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर हुई जांच में पुलिस के अनुसार चौंकाने वाला खुलासा हुआ। 

4 लाख की दी थी सुपारी

पुलिस का दावा है कि समिता कुमारी का जहानाबाद निवासी अजीत कुमार के साथ प्रेम संबंध था और पति उनके रिश्ते में बाधा बन रहे थे। पुलिस के आरोप के मुताबिक, दोनों ने मिलकर चार लाख रुपये की सुपारी देकर राजू कुमार उर्फ धीरज से हत्या कराई। तय योजना के तहत चलती ट्रेन में देवकुमार गुंजन को गोली मारी गई।

पत्नी, प्रेमी व शूटर अरेस्ट 

कटिहार रेल पुलिस ने कार्रवाई करते हुए समिता कुमारी, उसके प्रेमी अजीत कुमार और सुपारी किलर राजू कुमार उर्फ धीरज को गिरफ्तार कर लिया है। रेल एसपी के अनुसार मुख्य शूटर का आपराधिक इतिहास भी रहा है और इस साजिश में शामिल अन्य लोगों की तलाश जारी है। फिलहाल तीनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं और उनके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। 
 



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.