Voice of Eastern India

पटना में भीषण आग से हड़कंप, जल कर खाक हुआ लाखों का सामान


न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क 
अश्मित सिन्हा / पटना :
पटना के ​खुसरूपुर नगर के वार्ड नंबर तीन स्थित सब्जी मंडी के पास मंगलवार सुबह एक कबाड़ी गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। आग की भयावह लपटों ने देखते ही देखते पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे लाखों रुपये की संपत्ति जलकर खाक हो गई। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि घनी आबादी के बीच हुई इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया।

तेजी फैला आग 

​प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विजय कुमार के कबाड़ी गोदाम से धुएं का गुबार और आग की लपटें उठती देखी गईं। कबाड़ गोदाम में भारी मात्रा में प्लास्टिक, कागज व अन्य ज्वलनशील सामग्रियां मौजूद थीं, जिसके कारण आग ने बेहद तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया। स्थानीय निवासियों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और अग्निशमन विभाग को दी।

3 घंटे बाद आग पर काबू 

​घटना की जानकारी मिलते ही खुसरूपुर थाना पुलिस टीम और 3 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। संकरे और घने आवासीय क्षेत्र में आग फैलने का गंभीर खतरा बना हुआ था। स्थानीय लोगों ने भी तत्परता दिखाते हुए दमकलकर्मियों के साथ मिलकर राहत और बचाव कार्य में हाथ बंटाया। लगभग 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पाया जा सका।

टला बड़ा हादसा 

​ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता, तो आसपास स्थित दर्जनों मकान इसकी चपेट में आ सकते थे और एक बड़ा हादसा हो सकता था। प्राथमिक रूप से आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी को माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस और प्रशासन द्वारा अग्निकांड के कारणों तथा कुल संपत्ति के नुकसान का सटीक आकलन किया जा रहा है।



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.