बांकीपुर में हार के बाद फिर गरमाया रविशंकर प्रसाद का पुराना बयान, भड़के सांसद बोले- ‘तोड़-मरोड़कर पेश की गई बात’
न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
पूजा शर्मा / पटना : बांकीपुर उपचुनाव प्रचार के दौरान भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद का एक बयान काफी चर्चा में रहा था। चुनाव प्रचार के बीच उनके बयान को इस तरह प्रचारित किया गया कि “भाजपा अगर कुत्ता-बिल्ली को भी उम्मीदवार बना दे, तो वह बांकीपुर से चुनाव जीत जाएगा।” यह बयान उस समय भी राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना था।
अब उपचुनाव के नतीजे आने के बाद भाजपा को बांकीपुर सीट पर हार का सामना करना पड़ा है। इसके बाद सोशल मीडिया पर रविशंकर प्रसाद का वही पुराना बयान फिर से वायरल होने लगा और इसे लेकर भाजपा पर तंज कसे जाने लगे हैं।
विवाद बढ़ने के बाद अब रविशंकर प्रसाद ने अपनी सफाई दी है। उन्होंने कहा कि उनके बयान को गलत संदर्भ में पेश किया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जीत-हार लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन झूठ फैलाकर कार्यकर्ताओं का मनोबल तोड़ना उचित नहीं है। साथ ही उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया और कुछ मीडिया संस्थानों ने उनके शब्दों को तोड़-मरोड़कर पेश किया है, इसलिए लोगों को पूरा बयान सुनकर ही राय बनानी चाहिए।
