न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
रोहित / पटना: बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने शुक्रवार को बिहार के डीजीपी विनय कुमार से मुलाकात की। यह बैठक पुलिस मुख्यालय में हुई। इस बैठक में उन्होंने पटना में बंटी यादव हत्याकांड, सिवान में छात्र पर एके-47 चलाने के मामले में डीएम और एसपी पर कार्रवाई की मांग की। साथ ही उन्होंने भरत तिवारी एनकाउंटर मामले पर भी डीजीपी के समक्ष सवाल खड़ा किया।
तेजस्वी यादव ने कहा कि एके-47 चलाने का आदेश किसने दिया। एक सिपाही को बलि का बकरा नहीं बनाया जा सकता है। आदेश देने वाले बच नहीं सकते हैं। इस मामले पर ना देश के गृह मंत्री कुछ बोल रहे हैं ना ही बिहार के गृह मंत्री। बिहार के मुख्यमंत्री अपनी बातों को जनता के सामने रखें और इस मामले को स्पष्ट करें। तेजस्वी प्रसाद यादव ने विपक्ष के सभी नेताओं से बिहार आने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि आप संसद खत्म होने पर यहां आइए और बिहार के मुख्यमंत्री से इसका जवाब मांगा जाए।
इसके बाद उन्होंने कहा कि पेपर लीक मामले में बड़े-बड़े माफियाओं पर जब तक कार्रवाई नहीं होगी तब तक कुछ बदलने वाला नहीं है। बिहार में लगातार अपराध बढ़ता जा रहा है, बिहार की छवि पुलिस स्टेट के रूप में बनाया जा रहा है। भरत तिवारी एनकाउंटर की लीपा-पोती की गई है। तेजस्वी ने कहा कि कल मैं रोहतास जा रहा हूं जहां एक मजदूर की मजदूरी मांगने पर हत्या कर दी जाती है। वहां मैं उनके परिवार से मिलूँगा। बिहार में अपराधियों का बोलबाला है। जब राज्य का मुख्यमंत्री सात हत्या का आरोपी हो तो सरकार से क्या उम्मीद की जा सकती है।
