Voice of Eastern India

बिहार में रंगदारी नहीं दी तो बरसीं गोलियां! तीन यात्री बसों पर अंधाधुंध फायरिंग, चकनाचूर हुए शीशे..


न्यूज 11 भारत/पटना डेस्क: कटिहार जिले के फलका थाना क्षेत्र में फलका-कटिहार मार्ग पर यात्री बसों के संचालन को लेकर दो बस संचालकों के बीच उपजे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया है। फलका बाजार स्थित एक धर्म कांटा समीप खड़ी तीन यात्री बसों पर बेखौफ बदमाशों ने गोलियां बरसा दी। गोलीबारी में तीन बसों के सामने के शीशे टूटकर बिखर गए। घटना और सूचना के बाद पुलिस के देरी से पहुंचने को लेकर आक्रोशित बस संचालक एवं ग्रामीणों ने फलका बाजार का मुख्य चौक स्टेट हाइवे-77 व फलका-गेड़ाबाड़ी मार्ग को करीब दो घंटे के लिए जाम कर दिया। सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी। इस घटना की सूचना पाकर थानाध्यक्ष प्रहलाद यादव दलबल के साथ मौके पर पहुंच आक्रोशित लोगों को काफी समझा-बुझाकर जाम हटवाया और आवागमन सुचारू रूप से बहाल करवाया। इधर पीड़ित बस संचालक ने घटना को लेकर करीब आठ नामजद लोगों के विरुद्ध थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराया है।

इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने घटनास्थल से तीन खोखे बरामद किए हैं। मामले में सदर डीएसपी-2 सुनील कुमार शर्मा सहित जिले से एफएसएल टीम ने भी पहुंच कर घटना की सघन जांच की।

मामले में पीड़ित बस संचालक मो. इसरार आलम ने दर्ज प्राथमिकी में जिक्र किया है कि हर रोज की तरह फलका बाजार स्थित एक धर्मकांटा समीप एसएच-77 किनारे सभी बसें खड़ी थीं। इसी दौरान पूर्णिया जिले के धमदाहा थाना क्षेत्र के बजराहा गांव निवासी बुलेट यादव, अपने भांजे कबीर कुमार यादव, कुक्कू यादव व अन्य साथियों के साथ तीन बाइकों पर आया और बस पर ताबड़तोड़ फायरिंग करने का आरोप लगाया है। 

पीड़ित बस संचालक का आरोप है कि पिछले दिनों उनके एवं हर्ष राज ट्रैवल्स के कर्मियों के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद पकड़िया स्थित पेट्रोल पंप पर समझौते के बहाने बुलाकर आरोपी द्वारा 5 लाख रुपये की रंगदारी की मांग करने तथा रकम न देने पर बसें नहीं चलने देने और हत्या की धमकी देने का आरोप लगाया है। 

पीड़ित ने आशंका जताया है कि 21अगस्त की रात फलका बस्ती स्थित बस स्टैंड के संचालक के घर बैठकर हमले की साजिश रची गई है। जिसके बाद वारदात को अंजाम दे दिया गया है। पीड़ित बस संचालक ने आरोपियों पर हत्या का प्रयास, रंगदारी व साजिश करने का आरोप लगाते हुए जान-माल की सुरक्षा हेतु पुलिस से गुहार लगाई है। पुलिस मामले की गहन तफ्तीश कर रही है।वहीं आरोपी पक्ष ने अपने उपर लगाए गए आरोपों को झूठा व बेबुनियाद बताया है।

मामले में सदर डीएसपी -2 सुनील कुमार शर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि घटना स्थल पर बसों में तीन गोली का खोखा मिली है।उक्त मामले में बस स्टैंड संचालक सहित आठ लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.