न्यूज 11 भारत/बिहार डेस्क: नवादा में गृह रक्षा वाहिनी में अधिनायक लिपिक पद पर बहाली के लिए आयोजित परीक्षा का प्रश्नपत्र वायरल होने के मामले में पुलिस ने एक शिक्षिका को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार शिक्षिका की पहचान नालंदा जिले के वेना थाना क्षेत्र के देव बिगहा गांव निवासी चंद्रशेखर कुमार की पत्नी अंजू रानी के रूप में हुई है।
वह नारदीगंज के मध्य विद्यालय दोहड़ा में शिक्षिका के पद पर कार्यरत हैं। पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर उन्हें गोविंदपुर स्थित बीआरसी से गिरफ्तार किया गया।
बताया गया कि 12 जून को नवादा में गृह रक्षा वाहिनी की अधिनायक लिपिक परीक्षा का प्रश्नपत्र वायरल हुआ था। जांच के दौरान प्रश्नपत्र के परीक्षा केंद्र से वायरल होने की बात सामने आई।
मामले में स्टेटिक दंडाधिकारी सह प्रेक्षक के आवेदन पर नगर थाने में बिहार परीक्षा अधिनियम एवं आईटी एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस गिरफ्तार शिक्षिका से पूछताछ कर मामले में जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
