विधायक अनंत सिंह से जुड़ा गोपालगंज कांड अब CID के हवाले, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई थी पुलिस
न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क (अस्मित,पटना) मोकामा विधायक अनंत सिंह से जुड़े गोपालगंज के मामले में एक बड़ा मोड़ आया है। इस मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए इसकी जांच अब अपराध अनुसंधान विभाग (CID) को सौंप दी गई है। शुक्रवार को उच्च स्तर पर विचार-विमर्श के बाद यह आधिकारिक फैसला लिया गया।
कार्यक्रम में हथियार प्रदर्शन का आरोप, विधायक समेत 9 लोग नामजद
यह पूरा मामला गोपालगंज जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र में 2 और 3 मई को आयोजित एक कार्यक्रम से जुड़ा हुआ है। आरोप है कि जब विधायक अनंत सिंह कार्यक्रम में पहुंचे, तो उनके समर्थकों द्वारा खुलेआम हथियारों का प्रदर्शन किया गया था। इस मामले में पुलिस ने विधायक समेत कुल नौ लोगों को आरोपी बनाया है।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद हुई कार्रवाई
कार्यक्रम के दौरान कथित तौर पर हथियार लहराने और शक्ति प्रदर्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। इसके बाद ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया और मामला दर्ज किया गया। अब मामले के राजनीतिक प्रभाव और गंभीरता को देखते हुए जांच औपचारिक रूप से सीआईडी को ट्रांसफर कर दी गई है।
