Voice of Eastern India

दोस्त से दूरी बनाने को कहा, विवाद बढ़ा तो चला दी गोली


न्यूज 11 भारत, बिहार डेस्क 
इन्द्रदेव/सहरसा:
सहरसा जिले के कहरा क्षेत्र में आपसी विवाद के दौरान एक युवक को गोली मारने का मामला सामने आया है। गोली लगने से घायल युवक को परिजनों ने आनन-फानन में सहरसा सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घायल युवक की स्थिति फिलहाल सामान्य बताई जा रही है।

घायल युवक की पहचान ओम जी कुमार के रूप में हुई है। ओम जी कुमार ने बताया कि घटना के समय वह अपने घर में ही मौजूद था। इसी दौरान उसके मित्र विकास कुमार के चाचा वहां पहुंचे। उन्होंने ओम जी से कहा कि वह विकास कुमार के साथ नहीं रहे।

ओम जी कुमार के मुताबिक, उन्होंने जवाब देते हुए कहा कि विकास कुमार को भी कह दिया जाए कि वह उनके पास नहीं आए। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान विकास कुमार के चाचा ने अपने हाथ में पिस्तौल निकाल लिया।

ओम जी ने बताया कि जब उन्होंने उन्हें घर से बाहर जाने के लिए कहा, तो आरोपी ने कथित तौर पर उन पर गोली चला दी। गोली उनके हाथ में जा लगी, जिससे वह घायल हो गए। गोली चलने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

गोली चलने की घटना के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने घायल ओम जी कुमार को तत्काल सहरसा सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनका इलाज शुरू किया। घायल के अनुसार, फिलहाल उनकी हालत सामान्य है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाने के साथ गोली चलाने के आरोपी की तलाश कर रही है। हालांकि, गोलीबारी की घटना के पीछे की वास्तविक वजह और विवाद के अन्य पहलुओं की जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

फिलहाल पुलिस घायल युवक और परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी ले रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।

 



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.