Voice of Eastern India

Instagram पर युवक को प्रेम जाल में फंसाया, मिलने बुलाया और उठा लिया; फिरौती के लिए युवक का अपहरण


न्यूज़11 भारत 
गया/डेस्क:
गया जिले के रामपुर थाना क्षेत्र में 27 लाख रुपये की फिरौती के लिए एक युवक के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है. जांच में सामने आया कि युवक को कथित तौर पर Instagram के जरिए टारगेट किया गया. एक महिला ने उससे बातचीत शुरू कर प्रेम संबंध का झांसा दिया और मिलने के लिए सिकरिया मोड़ बुलाया. वहां पहुंचने के बाद युवक का अपहरण कर लिया गया और उसका मोबाइल बंद कर दिया गया.

पुलिस के अनुसार, 7 सितंबर को शोभा देवी ने रामपुर थाना में शिकायत दर्ज कराई कि उनका बेटा सिकरिया मोड़ जाने की बात कहकर निकला था. कुछ देर तक परिजनों से फोन पर बात हुई, लेकिन इसके बाद उसका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया. बाद में परिजनों से फोन और मैसेज के जरिए 27 लाख रुपये फिरौती की मांग की गई.

मामले की सूचना मिलते ही रामपुर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर विशेष टीम गठित की. पुलिस टीम ने तकनीकी सहयोग के आधार पर करीब 8 से 12 घंटे के भीतर युवक को सकुशल बरामद कर लिया. कार्रवाई के दौरान अपहरण की साजिश में शामिल दो पुरुष और एक महिला समेत कई आरोपियों को पकड़ा गया है.

पुलिस के मुताबिक, अपहरण के पीछे पैसे की वसूली का विवाद सामने आया है. बताया जा रहा है कि जिस युवक का अपहरण किया गया, उसके पिता से नौकरी दिलाने के नाम पर कुछ रकम ली गई थी. इसी बकाया रकम को वसूलने के उद्देश्य से अपहरण की साजिश रची गई और फिर परिवार से 27 लाख रुपये फिरौती मांगी गई.

नगर पुलिस उपाधीक्षक-2 धर्मेंद्र भारती ने बताया कि एसएसपी के स्पष्ट निर्देश पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में अपहृत युवक को बरामद कर लिया. मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

इसे भी पढ़ें: कल देशभर में बैंक रहेंगे बंद, कर्मचारी-अधिकारी हड़ताल पर; तीन दिन नहीं खुलेगा बैंक



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.