Voice of Eastern India

आपसी विवाद के दौरान सो रही महिला को लगी गोली, सर्जरी के बाद हालत नाजुक



सहरसा जिले के सलखुआ थाना क्षेत्र के पंचवीरा गांव के वार्ड नंबर-7 में आपसी विवाद के दौरान गोली चलने से 55 वर्षीय महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।

न्यूज 11 भारत/बिहार डेस्क 
इन्द्रदेव/सहरसा:
जिले के सलखुआ थाना क्षेत्र के पंचवीरा गांव के वार्ड नंबर-7 में आपसी विवाद के दौरान गोली चलने से 55 वर्षीय महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला की पहचान सरस्वती देवी, पति भूषण चौधरी के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों ने उन्हें आनन-फानन में सहरसा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने ऑपरेशन कर गोली निकाल दी। हालांकि, सर्जरी के बाद भी महिला की हालत नाजुक बनी हुई है।

परिजनों के अनुसार, घटना के समय हिमांशु और रंजीत चौधरी के बीच किसी बात को लेकर विवाद और झगड़ा हो रहा था। इसी दौरान रंजीत द्वारा गोली चलाए जाने की बात सामने आई है। गोली चलने के दौरान घर में सो रही सरस्वती देवी के पेट में गोली लग गई।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। घायल महिला को तत्काल अस्पताल ले जाया गया। इलाज कर रहे डॉ. शैलेंद्र ने बताया कि गोली महिला के शरीर में प्रवेश करने के बाद लीवर को क्षतिग्रस्त करते हुए पेट के अंदर चली गई थी। महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए तत्काल सर्जरी की गई और ऑपरेशन के दौरान गोली निकाल दी गई। इसके बावजूद मरीज की स्थिति गंभीर बनी हुई है और चिकित्सकों की निगरानी में इलाज चल रहा है।

घायल महिला के पुत्र करण चौधरी ने बताया कि घटना के समय वह लोग सहरसा में मौजूद थे। इसी दौरान उनके भांजे का फोन आया कि नानी को गोली लग गई है। सूचना मिलते ही वे तत्काल मौके पर पहुंचे और अपनी मां को अस्पताल लेकर आए।

करण चौधरी ने आरोप लगाया कि रंजीत ने गोली चलाई, जिसकी चपेट में उनकी मां सरस्वती देवी आ गईं। उन्होंने बताया कि रंजीत और हिमांशु के बीच विवाद चल रहा था और घटना के बाद हिमांशु ने ही फोन कर महिला को गोली लगने की जानकारी दी।

फिलहाल महिला का निजी अस्पताल में इलाज जारी है और उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना के कारणों और गोली चलाने की वास्तविक स्थिति को लेकर पुलिस की जांच के बाद ही पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी। लगातार सामने आ रही गोलीबारी की घटनाओं के बीच पंचवीरा की इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।
 





Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.