Voice of Eastern India

जमुई में युवती से छेड़छाड़ का वीडियो वायरल, SP ने कहा- आरोपी की पहचान कर होगी कार्रवाई



टाउन थाना क्षेत्र के मड़वा राजपुरा के पास घूमने गई एक युवती के साथ कुछ मनचलों ने छेड़छाड़ की और उसका वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। 

न्यूज 11 भारत/बिहार डेस्क
पुरुषोत्तम कुमार/जमुई:
जमुई से एक शर्मनाक वीडियो सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। टाउन थाना क्षेत्र के मड़वा राजपुरा के पास घूमने गई एक युवती के साथ कुछ मनचलों ने छेड़छाड़ की और उसका वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में आक्रोश है, वहीं पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।

वायरल वीडियो में एक युवती अपने एक साथी के साथ बाइक पर बैठी हुई दिख रही है, तभी कुछ युवक उसे घेर लेते हैं। टॉर्च और मोबाइल की लाइट मारकर उसे परेशान करते हैं और उसके साथ बदतमीजी करते हैं। वीडियो में युवती डरी-सहमी और रोती हुई नजर आ रही है। हालांकि न्यूज 11 वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है।

वीडियो वायरल होते ही जमुई पुलिस हरकत में आ गई। जमुई एसपी विश्वजीत दयाल ने खुद मामले की पुष्टि की है। एसपी ने बताया कि पीड़िता जमुई की ही रहने वाली है और पुलिस ने पीड़िता से संपर्क कर उसका बयान लिया है।

एसपी ने कहा कि वायरल वीडियो की जांच कराई जा रही है। वीडियो के आधार पर छेड़छाड़ करने वाले युवकों की पहचान की जा रही है। पहचान होते ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस साइबर सेल की मदद से वीडियो में दिख रहे आरोपियों की पहचान में जुटी है। एसपी की इस कार्रवाई के बाद मनचलों में हड़कंप मचा हुआ है।





Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.