पटना में आय से अधिक संपत्ति मामले में आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने बुधवार को परिवहन विभाग के एक अधिकारी के पटना और भोजपुर स्थित दो ठिकानों पर रेड शुरू की।
न्यूज 11 भारत/बिहार डेस्क
अश्मित सिन्हा/पटना: पटना में आय से अधिक संपत्ति मामले में आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने बुधवार को परिवहन विभाग के एक अधिकारी के पटना और भोजपुर स्थित दो ठिकानों पर रेड शुरू की। यह कार्रवाई विशेष निगरानी न्यायालय, पटना से तलाशी वारंट मिलने के बाद शुरू की गई है।
जानकारी के अनुसार, अमित कुमार गुप्ता मोहनिया चेक पोस्ट पर प्रवर्तन अवर निरीक्षक के पद पर तैनात हैं। वह भोजपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित अवधपुरी, चांदवा मोड़ के निवासी हैं।
बताया गया है कि उनके खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई थाना में 29 सितंबर को प्राथमिकी दर्ज की गई थी, जिसके बाद भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13 (2) सहपठित धारा 13 (1) (बी) के तहत मामला दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान अमित कुमार गुप्ता की ज्ञात आय के वैध स्रोतों से करीब एक करोड़ 49 लाख 58 हजार 500 रुपये अधिक संपत्ति अर्जित करने के प्रथम दृष्टया साक्ष्य मिले हैं। यह संपत्ति उनकी ज्ञात आय से लगभग 148.10 फीसदी अधिक बताई जा रही है। इसी आधार पर विशेष निगरानी न्यायालय, पटना से तलाशी वारंट मिला था।
दो ठिकानों पर कार्रवाई
ईओयू की अलग-अलग टीमों ने अमित कुमार गुप्ता के दो ठिकानों पर तलाशी शुरू की। पहला भोजपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में अवधपुरी, चांदवा मोड़ के पास स्थित उनका निजी आवास है। जबकि दूसरा पटना जिले के दानापुर थाना क्षेत्र स्थित साईं वरदान सिटी के ब्लॉक-सी का फ्लैट नंबर 609 है। दोनों ठिकानों पर पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में अलग-अलग टीम की कार्रवाई जारी है। ईओयू ने बताया कि तलाशी की कार्रवाई पूरी होने के बाद मामले से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।
