Voice of Eastern India

10 महीने बाद भी नहीं सुलझी गुत्थी, CBI ने दाखिल की क्लोजर रिपोर्ट



NEET छात्रा मौत मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने जांच पूरी करने के बाद अदालत में क्लोजर रिपोर्ट दाखिल कर दी है। 




नीट छात्रा की मां

न्यूज11 भारत/बिहार डेस्क
पंकज कुमार/जहानाबाद:
पटना में रहकर NEET परीक्षा की तैयारी करने वाली जहानाबाद की छात्रा की मौत का मामला करीब दस महीने की जांच के बाद भी अनसुलझा बना हुआ है। बहुचर्चित मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने जांच पूरी करने के बाद अदालत में क्लोजर रिपोर्ट दाखिल कर दी है। 

इस घटनाक्रम के बाद मृतका के परिजनों की न्याय की उम्मीदों को एक बार फिर झटका लगा है। हालांकि, परिवार अब भी बेटी की मौत की सच्चाई सामने आने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़ा है। 

CBI की क्लोजर रिपोर्ट पर मृतका की मां ने गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि जांच एजेंसी ने भी लगभग उसी दिशा में जांच की, जिस दिशा में बिहार पुलिस ने जांच की थी। उन्होंने दावा किया कि बेटी की मौत की गुत्थी सुलझाने और संभावित आरोपियों तक पहुंचने के बजाय कई बार परिजनों को ही परेशानियों का सामना करना पड़ा। 

मां का कहना है कि आज तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उनकी बेटी के साथ आखिर क्या हुआ था। उन्होंने जांच के तरीके पर असंतोष जताते हुए आरोप लगाया कि प्रभावशाली लोगों के दबाव में जांच पूरी कर क्लोजर रिपोर्ट दाखिल की गई। हालांकि, ये आरोप हैं, जिनकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। मृतका की मां ने कहा कि CBI की रिपोर्ट से उन्हें निराशा हुई है, लेकिन न्यायपालिका पर उनका भरोसा कायम है। उन्होंने दोहराया कि बेटी को न्याय दिलाने के लिए वह आखिरी दम तक संघर्ष करती रहेंगी। अब इस मामले में अदालत की आगे की कार्यवाही पर परिजनों की निगाहें टिकी हैं।





Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.