Voice of Eastern India

राजगीर में आज भारत-न्यूजीलैंड रग्बी सीरीज का रोमांच, CM सम्राट चौधरी करेंगे उद्घाटन



एक बार फिर इतिहास रचने को तैयार है बिहार की ऐतिहासिक नगरी राजगीर।

राजगीर रचेगा इतिहास

न्यूज11 भारत/ बिहार डेस्क
राज कुमार विश्वकर्मा/नालंदा:
एक बार फिर इतिहास रचने को तैयार है बिहार की ऐतिहासिक नगरी राजगीर। खेल के मैदान में भारत और न्यूजीलैंड की टीमें अपना दमखम दिखाने जा रही हैं। भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेल संबंधों के 100 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में राजगीर खेल परिसर में अंतरराष्ट्रीय अंडर-20 रग्बी सीरीज का आयोजन किया जा रहा है।

इस आयोजन के मुख्य मुकाबले आज 27 अक्टूबर को होंगे, जबकि इसका आयोजन 23 अक्टूबर से 28 अक्टूबर तक किया जा रहा है। जिसका उद्घाटन बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे। कार्यक्रम में खेल मंत्री लेसी सिंह समेत कई मंत्री और सांसद भी शामिल होंगे।

राजगीर की धरती एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय खेलों के रोमांच की गवाह बनने जा रही है। भारत और न्यूजीलैंड की महिला एवं पुरुष टीमें राजगीर पहुंच चुकी हैं और मुकाबलों से पहले अभ्यास में जुटी हैं। इस आयोजन को लेकर खेल प्रेमियों और युवाओं में खासा उत्साह है।

भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश कुमार ने कहा कि राजगीर में अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन से युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ेगी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खेलो इंडिया मिशन को भी मजबूती मिलेगी। इस सीरीज का उद्देश्य नई पीढ़ी को अंतरराष्ट्रीय खेल संस्कृति से जोड़ना है। 

रग्बी जैसे विश्वस्तरीय खेल को करीब से देखने का मौका विद्यार्थियों को अनुशासन, फिटनेस और टीम भावना की सीख देगा। साथ ही ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को भी अंतरराष्ट्रीय खेलों से प्रेरणा मिलेगी।

राजगीर अब सिर्फ इतिहास और पर्यटन ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय खेलों के नक्शे पर भी अपनी नई पहचान बनाने को तैयार है। इसके पूर्व राजगीर खेल परिसर मे हॉकी, कबड्डी क्रिकेट का आयोजन हो चुका है।

 





Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.