Voice of Eastern India

गया में जमीन विवाद और फायरिंग से दहशत, पूर्व सैनिक ने एसएसपी से मांगी सुरक्षा



गया जिले में जमीन विवाद को लेकर सुरक्षा व्यवस्था का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में है।

न्यूज11 भारत/बिहार डेस्क
अभिषेक राज/गया जी:
गया जिले में जमीन विवाद को लेकर सुरक्षा व्यवस्था का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में है। चंदौती थाना क्षेत्र के गांधी नगर में 24 अक्टूबर को निजी जमीन पर निर्माण कार्य के दौरान विवाद, मारपीट, बमबाजी और फायरिंग की घटना के बाद पुलिस ने कुछ लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं, प्रभावित परिवारों ने जिला प्रशासन और पुलिस से सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।

सत्येंद्र नारायण ने जिला प्रशासन को धन्यवाद देते हुए कहा कि लोगों को सुरक्षित माहौल में रहने और अपने मौलिक अधिकारों का इस्तेमाल करने का भरोसा मिलना चाहिए। उन्होंने घटना के दिन के माहौल को भयावह बताते हुए एसएसपी से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने सीसीटीवी फुटेज को घटना की सच्चाई सामने लाने में महत्वपूर्ण बताया। साथ ही, एससी-एसटी एक्ट के कथित दुरुपयोग पर चिंता जताते हुए कानून के निष्पक्ष इस्तेमाल की अपील की।

वहीं, सेना से सेवानिवृत्त मिथलेश प्रसाद सिंह ने कटारी इलाके में जमीन विवाद को लेकर चिंता जताई। उनके अनुसार, विवाद के कारण पांच मकानों का निर्माण प्रभावित है। करीब 30 लोगों से जुड़ी एक एकड़ 85 डिसमिल जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। उन्होंने दावा किया कि उनके पास जमीन के दस्तावेज हैं और न्यायालय के आदेश के बाद निर्माण कार्य शुरू किया गया था।

मिथलेश प्रसाद सिंह ने आरोप लगाया कि कुछ लोग निर्माण कार्य में बाधा डाल रहे हैं। उन्होंने एसएसपी से कटारी इलाके का निरीक्षण करने, प्रभावित परिवारों को सुरक्षा देने और जमीन की कानूनी स्थिति की निष्पक्ष समीक्षा कराने की मांग की।

प्रभावित परिवारों ने प्रशासन से शांति व्यवस्था बनाए रखने और सभी पक्षों के साथ निष्पक्ष व्यवहार करने की अपील की है।

 





Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.