Voice of Eastern India

तेजस्वी यादव का सम्राट सरकार पर हमला, बोले- बिहार में गवर्नेंस नाम की कोई चीज नहीं



राजद नेता और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बिहार की एनडीए सरकार पर तीखा हमला बोला है।

न्यूज11 भारत/बिहार डेस्क
रोहित/पटना:
राजद नेता और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बिहार की एनडीए सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में वित्तीय अराजकता, प्रशासनिक बदहाली, भ्रष्टाचार और अपराध चरम पर है। तेजस्वी ने कहा कि राज्य में माफिया राज कायम है और पुलिस-प्रशासन बेलगाम हो चुका है। उन्होंने मुख्यमंत्री की कार्यशैली और नेतृत्व क्षमता पर सवाल उठाते हुए कहा कि नौकरी-रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास सरकार की प्राथमिकता में नहीं हैं। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि एनडीए सरकार ने बिहार को बर्बादी की ओर धकेल दिया है।

तेजस्वी यादव ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर लिखा कि बिहार वित्तीय अराजकता, प्रशासनिक कुव्यवस्था, बदइंतज़ामी, अनुशासनहीनता और राजशून्यता का पर्याय बन चुका है। कुशासन, बदहाल विधि व्यवस्था और भ्रष्टाचार एनडीए सरकार में गहरी व गंभीर संरचनात्मक समस्या बन चुका है जो सरकार और समाज के हर स्तर पर प्रत्येक व्यक्ति एवं व्यवस्था को प्रभावित कर रहा है।

हर स्तर पर माफिया का राज है। इससे दुर्भाग्यपूर्ण क्या होगा कि अपराधी पुलिस की हत्या कर रहे हैं और पुलिस अपनी ख़ामियाँ छुपाने के लिए निर्दोष नागरिकों की हत्या कर रही है।

आपराधिक प्रवृत्ति के अनाड़ी मुख्यमंत्री से बिहार संभल नहीं रहा है। जिससे बिहार में अराजक और विध्वंसक स्थिति उत्पन्न हो चुकी है। बिहार में गवर्नेंस नाम की कोई चीज़ ही नहीं है। मनोनीत मुख्यमंत्री के अल्पज्ञान, अनाड़ी कार्यशैली एवं अकुशलता के कारण अधिकारी इन्हें गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। जनसमस्याओं का निदान, जनसरोकार और जनजीवन को बेहतर बनाना मुख्यमंत्री की प्राथमिकता ही नहीं है और यही वजह है कि नावाकिफ अपरिपक्व मुख्यमंत्री लोक कल्याणकारी मुद्दों की बजाय ग़ैर वाजिब मुद्दों को तरजीह देते रहते हैं।

नौकरी-रोजगार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य व विधि व्यवस्था, औद्योगिक तथा इंफ्रास्ट्रक्चर विस्तार, टेक्नोलॉजी, विकास एवं निवेश तो मुख्यमंत्री के शब्दकोश में ही नहीं है। 

मुख्यमंत्री के नौसखियापन, नासमझी और कम-अक़्ली के कारण पुलिस और प्रशासन बेलगाम है। भ्रष्टाचार सारी सीमाएँ तोड़ चुका है। वोट चोरी से सत्ता में आए सत्यापित ठगों ने क्या बिहार को बर्बादी के गर्त में धकेलने के लिए मनोनीत मुख्यमंत्री के हाथों में बागडोर सौंपी है?





Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.