Voice of Eastern India

तेज हवाओं संग बारिश की चेतावनी, वज्रपात का भी खतरा


न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क

पटना –  बिहार में भीषण गर्मी से लोगों को फिलहाल थोड़ी राहत मिली है, लेकिन मौसम विभाग ने राज्य के 19 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में आज हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार हवा की रफ्तार करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे कई इलाकों में सामान्य जनजीवन प्रभावित हो सकता है। इसके साथ ही बिजली गिरने (वज्रपात) की भी आशंका जताई गई है, जिसे देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। जिन जिलों में अलर्ट जारी किया गया है उनमें पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, पटना, नालंदा, जहानाबाद, अरवल, औरंगाबाद, रोहतास, कैमूर, गया, नवादा, शेखपुरा, लखीसराय और बेगूसराय शामिल हैं।

पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम में बदलाव, भागलपुर में बदला मिजाज

मौसम में यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण देखा जा रहा है। भागलपुर मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अनुपम नाहर के अनुसार मध्य क्षोभमंडल की पछुआ हवाओं में द्रोणिका के रूप में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इसकी धुरी औसत समुद्र तल से लगभग 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर 32 डिग्री उत्तर अक्षांश के उत्तर में 75 डिग्री पूर्व देशांतर के आसपास स्थित है। इस मौसमी प्रणाली के प्रभाव से भागलपुर और आसपास के क्षेत्रों में लगातार मौसम अस्थिर बना हुआ है। पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश और तेज हवाओं के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली है। आसमान में लगातार बादल छाए रहने और तेज पछुआ हवाओं के कारण वातावरण नम और ठंडा बना हुआ है।

जून के पहले सप्ताह में बढ़ेगा तापमान, फिर लौटेगी गर्मी की तपिश

हालांकि यह राहत ज्यादा दिनों तक रहने वाली नहीं है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार जून के पहले सप्ताह से एक बार फिर तापमान में तेज बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। जैसे-जैसे मानसून से पहले की परिस्थितियां बनेंगी, वैसे-वैसे गर्मी का असर भी बढ़ता जाएगा। मौसम विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में उमस और गर्म हवाओं की वापसी हो सकती है, जिससे लोगों को फिर से भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। फिलहाल विभाग ने लोगों से अपील की है कि बारिश और तेज हवाओं के दौरान खुले स्थानों से दूर रहें और बिजली गिरने की स्थिति में सावधानी बरतें।
 



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.